विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

₹2800 देने के बाद भी 'थाली में कीड़े' और 'पानी वाली चाय', पटना यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल का सच कर देगा हैरान

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:59 AM (GMT+05:30)

पटना विश्वविद्यालय के गंगा छात्रावास में मेस की थाली में कीड़े मिलने और खराब गुणवत्ता की शिकायतें हैं, जबकि शुल्क बढ़ा दिया गया है। वहीं, मगध महिला कॉलेज के छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता से छात्राएं संतुष्ट हैं।

पटना विश्वविद्यालय के गंगा छात्रावास के खाने में कीड़ा, तस्वीर में चिह्नित हिस्सा। सौ. सोशल मीडिया

पटना विश्वविद्यालय के गंगा छात्रावास के खाने में कीड़ा, तस्वीर में चिह्नित हिस्सा। सौ. सोशल मीडिया

ज्योति सिंह, पटना। घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाली छात्राओं के लिए छात्रावास में मेस की थाली ही सेहत का सबसे बड़ा सहारा होती है। उम्मीद रहती है कि थाली में सुकून और स्वाद तो मिलेगा, लेकिन पटना विश्वविद्यालय के महिला छात्रावासों में यह उम्मीद टूटती दिख रही है।

गंगा छात्रावास में भोजन की थाली से कीड़े मिलने की शिकायतें हैं। चाय में पानी की मात्रा अधिक है। दूसरी ओर, महिमा और वैदेही छात्रावासों में छात्राएं भोजन की गुणवत्ता से संतुष्ट हैं। गंगा छात्रावास में मेस शुल्क 300 बढ़ाकर 2,800 रुपये कर दिया गया, लेकिन छात्राओं की थाली की रंगत अब भी नहीं बदली।

गंगा छात्रावास में यूजी में पढ़ने वाली छात्राएं रहती हैं। नाम नहीं छापने का अनुरोध करते हुए बताती हैं कि मेस में परोसे जाने वाले भोजन में अक्सर कीड़े निकलते हैं। शाम की चाय को लेकर भी उनकी शिकायत है। चाय में पानी की मात्रा ज्यादा रहती है।

छात्रावास में नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन तथा शाम की चाय मेस से ही मिलती है। कुछ माह पहले ही छात्रावास के मेस की मासिक फीस 2,500 से बढ़ाकर 2,800 रुपये कर दी गई है। छात्राओं को अब हर महीने 300 रुपये अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं।

इसके बावजूद भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें आ रही हैं। भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत पर वार्डन प्रो. नीरा चौधरी ने ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया और अधीक्षक से बात करने को कहा।

अधीक्षक डॉ. सुरभि सुमन ने भी इस तरह की शिकायत से अनभिज्ञता जताई। हालांकि, मेस इंचार्ज अनिकेत ने बताया कि पिछले महीने एक दिन खाने में कीड़ा मिला था।

दूसरी ओर, मगध महिला कॉलेज के महिमा और वैदेही छात्रावासों में मेस व्यवस्था की तस्वीर अलग है। यहां छात्राओं को दिन में तीन बार भोजन उपलब्ध कराया जाता है। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था पर संतोष जताया है।

वार्डन प्रो. अर्चना जायसवाल ने भी मेस की व्यवस्था को संतोषजनक बताया। इन दोनों छात्रावासों में मेस के लिए प्रत्येक छात्रा को प्रतिमाह 3,800 रुपये शुल्क देना होता है।

विश्वविद्यालय के महिला छात्रावासों में संचालित मेस के भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है। गंगा छात्रावास की घटना तो सिर्फ बानगी है। जहां मेस संचालित है, वहां बहुत गंदगी रहती है। मेनू के अनुसार, छात्राओं को भोजन नहीं दिया जाता है। जब भी छात्रावासों का निरीक्षण करने जाते हैं, छात्राएं सबसे अधिक भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करती हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को इस पर गंभीर होने की जरूरत है। - शांतनू शेखर, अध्यक्ष, पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ

यह भी पढ़ें- पटना में सेहत के नाम पर परोसा जा रहा 'धीमा जहर', दूध-पनीर में मिल रहा शवों को सड़ने से बचाने वाला केमिकल

यह भी पढ़ें- पटना में पनीर फैक्ट्री पर छापा: 130 लीटर 'डेड बॉडी केमिकल' बरामद, 214 किलो घी जब्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।