बिना 1 रुपये लगाए बिहार सरकार कमाएगी 1071 करोड़, पटना में Tech Park से मिलेंगी बंपर नौकरियां
पटना के गर्दनीबाग में 413 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक टेक पार्क बनेगा, जिसका निर्माण NBCC करेगा।

निवेश और रोजगार को मिलेगी रफ्तार, 413 करोड़ से पटना में बनेगा टेक पार्क (AI Generated Image)
HighLights
पटना में 413 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक टेक पार्क।
NBCC करेगा निर्माण, 90 साल की लीज पर 1071 करोड़ आय।
आईटी कंपनियों को आकर्षित कर रोजगार, निवेश बढ़ाएगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। प्रदेश की राजधानी पटना के गर्दनीबाग में 413 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक टेक पार्क बनेगा। बापू टावर के पास 3.80 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस पार्क में आईटी कंपनियों के कार्यालयों के साथ होटल, आवासीय परिसर, दुकानें और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसके निर्माण एवं विकास की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड को देने की स्वीकृति राज्य सरकार ने दी है। जल्द ही सूचना प्रावैधिकी विभाग और एनबीसीसी के बीच समझौता हस्ताक्षर होंगे।
इस परियोजना की खास बात यह है कि योजना में राज्य सरकार को अपने बजट से कोई पैसा नहीं लगाना होगा, बल्कि 90 साल की लीज अवधि में परियोजना से करीब 1071 करोड़ रुपये की कुल आय होने का अनुमान है।
परियोजना का उद्देश्य बिहार में आईटी कंपनियों और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर को आकर्षित करना और राज्य में रोजगार तथा निवेश के अवसर बढ़ाना है। सूत्रों के अनुसार, टेक पार्क का निर्मित क्षेत्र करीब 7.43 लाख वर्गफुट होगा।
यहां दो आईटी-सह-वाणिज्यिक ब्लॉक बनाए जाएंगे। ये 11 मंजिल तक होंगे। इसके अलावा, सात मंजिल का होटल और आठ मंजिल का आवासीय ब्लॉक विकसित किया जाएगा। परिसर में खुदरा दुकानें, खानपान की सुविधाएं और करीब 300 कारों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
परियोजना के विकास के लिए एनबीसीसी का चयन नामांकन के आधार पर किया गया है।
सरकार को उम्मीद है कि एनबीसीसी की भागीदारी से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और टेक पार्क में आईटी कंपनियां अपनी जगह लेने के लिए आगे आएंगी। यहां बता दें कि राज्य मंत्रिमंडल ने 12 अक्टूबर की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
समिति करेगी कामकाज की निगरानी
परियोजना के क्रियान्वयन और वित्तीय व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सूचना प्रावैधिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव या सचिव की अध्यक्षता में निगरानी समिति बनेगी।
इसमें भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और एनबीसीसी के दो प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। समिति निर्माण की समय-सीमा, डिजाइन, लागत में बदलाव, निर्मित क्षेत्र की लीज दर और अन्य महत्वपूर्ण फैसलों की निगरानी करेगी।
एक नजर में गर्दनीबाग टेक पार्क
- अनुमानित लागत - 413 करोड़
- 3.80 एकड़ जमीन पर लगभग 7.43 लाख वर्गफुट क्षेत्र में होगा निर्माण
- कुल अनुमानित आय - 1071 करोड़
- एक परिसर में आईटी कार्यालय, होटल, आवासीय ब्लॉक, दुकानें और खानपान की सुविधाएं
- 90 साल की लीज
यह भी पढ़ें- पटना जंक्शन के पास बनेगा 7 मंजिला मॉल और वेंडर मार्केट, GPO तक बदलेगी तस्वीर; 590 करोड़ का प्लान पास
