पटना गोलीकांड: 'हमको जानू से मिलाओ...' पति की मौत के बाद बदहवास हुई पत्नी, बेटे के शव के पास टूट गया पिता
पति राज आर्या की गोली लगने से मौत के बाद एम्स ट्रामा सेंटर के बाहर महिला आरक्षी श्रुति कुमारी बदहवास ...और पढ़ें

पति को देखने की जिद करती रही श्रुति, बार-बार हो जाती बेहोश
HighLights
पति राज आर्या की मौत से पत्नी श्रुति कुमारी बदहवास।
एम्स में बेटे के शव के पास पिता सदमे में।
पुलिस गोलीकांड की हत्या या आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। एम्स ट्रामा सेंटर के बाहर का मंजर उस वक्त बेहद भावुक हो गया, जब पति की मौत की खबर सुनकर महिला आरक्षी श्रुति कुमारी खुद को संभाल नहीं पा रही थी। वह बार-बार बेहोश हो रही थी और होश में आते ही पति राज आर्या को बुलाने की बात कह रही थी।
उसके कपड़ों पर पति का खून लगा था और आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे। साथ मौजूद सहयोगी उसे संभालने की कोशिश कर रही थी। पति को खोने का सदमा उसकी हालत और आवाज में साफ नजर आ रहा था।
पति को देखने की जिद करती रही श्रुति, बार-बार हो जाती बेहोश
पति की मौत के बाद श्रुति बार-बार राज से मिलने की जिद कर रही थी। कभी वह सीट पर बेसुध होकर गिर जाती तो कभी होश में आते ही पति को बुलाने लगती।
सहयोगी उसे लगातार समझाने और ढांढस देने में जुटी थी। पुलिसकर्मी भी उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। इसी दौरान डीएसपी एम्स पहुंचीं और महिला आरक्षी से घटना की जानकारी ली।
उधर बेटे के शव के पास खड़ा रहा पिता, अपनों को देता रहा मौत की खबर
ट्रामा सेंटर के अंदर राज आर्या का शव पड़ा था और उसके पिता बेटे की मौत के सदमे में बदहवास खड़े थे। वह बार-बार मोबाइल निकालकर रिश्तेदारों और परिचितों को फोन कर रहे थे।
हर फोन पर बेटे के नहीं रहने की खबर देते-देते उनकी आवाज भर्रा जा रही थी। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर रिश्तेदार और परिचित भी एम्स की ओर निकल पड़े।
एक तरफ पत्नी की आंखों में आंसू, दूसरी ओर पिता की टूटती आवाज
एम्स परिसर में एक तरफ पत्नी अपने पति को देखने के लिए बेचैन थी, तो दूसरी तरफ पिता जवान बेटे को खोने के बाद रिश्तेदारों को यह दुखद खबर बता रहे थे।
दोनों के दर्द का यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर रहा था। पति-पत्नी और पिता के बीच का यह मार्मिक दृश्य घटना की भयावहता को बयां कर रहा था।
गोलीकांड ने खड़े किए कई सवाल, जांच से खुलेगा राज
घटना के बाद अब पुलिस की जांच पर सबकी नजर है। आखिर गोली चलने की पूरी वजह क्या थी और घटनाक्रम किस तरह हुआ, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- पटना गोलीकांड: हत्या या आत्महत्या? सर्विस रिवाल्वर, फिंगरप्रिंट और FSL रिपोर्ट खोलेगी राज
