विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना गोलीकांड: हत्या या आत्महत्या? सर्विस रिवाल्वर, फिंगरप्रिंट और FSL रिपोर्ट खोलेगी राज

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:07 AM (GMT+05:30)

विक्रम, पटना में डायल 112 पर तैनात महिला आरक्षी श्रुति कुमारी के पति राज आर्या की गोली लगने से मौत ...और पढ़ें

खून से सने कपड़ों में अस्पताल पहुंची महिला आरक्षी

खून से सने कपड़ों में अस्पताल पहुंची महिला आरक्षी

HighLights

  1. महिला आरक्षी के पति राज आर्या की गोली लगने से मौत।

  2. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर कर रही है जांच।

  3. FSL जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य घटना का सच उजागर करेंगे।

जागरण संवाददाता,विक्रम, (पटना)। विक्रम में डायल 112 पर तैनात महिला आरक्षी श्रुति कुमारी के पति राज आर्या की गोली लगने से मौत के बाद मामला उलझ गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन घटनाक्रम से जुड़े कई बिंदु अब जांच के दायरे में हैं।

गोली लगने की दिशा, सर्विस रिवाल्वर और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। ऐसे में अब हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच आगे बढ़ रही है।

गोलीकांड में हत्या या आत्महत्या का सस्पेंस, किसके हाथ में थी सर्विस रिवाल्वर?

राज आर्या को गोली महिला आरक्षी की सर्विस रिवाल्वर से लगी थी। घटना के बाद पुलिस ने हथियार को जांच के लिए सुरक्षित किया है।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल और एम्स में जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। गोली की दिशा और घटनास्थल की स्थिति को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।

FSL जांच से खुलेगा राज, हथियार और फिंगरप्रिंट की होगी पड़ताल

एफएसएल टीम ने महिला आरक्षी श्रुति कुमारी और राज आर्या के अंगुलियों के निशान लिए हैं। सर्विस रिवाल्वर से भी जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि हथियार को किसने और किस परिस्थिति में इस्तेमाल किया था। इन वैज्ञानिक साक्ष्यों से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

खून से सने कपड़ों में अस्पताल पहुंची महिला आरक्षी, पूछताछ में नहीं खोला मुंह

घटना के बाद राज आर्या को उसकी पत्नी श्रुति कुमारी के साथ एम्स लाया गया। महिला आरक्षी के कपड़ों पर खून लगा था और एफएसएल टीम ने उससे भी जरूरी साक्ष्य जुटाए।

डीएसपी ने महिला आरक्षी से घटना के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की। हालांकि उसने घटना को लेकर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।

घटना के दिन ड्यूटी पर नहीं आई थी श्रुति, घर से बाहर भी नहीं निकला था दंपती

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार को श्रुति कुमारी ड्यूटी पर नहीं गई थी। दोनों पति-पत्नी घर में ही मौजूद थे और घर से बाहर नहीं निकले थे।

पुलिस के अनुसार राज आर्या कोई काम नहीं करते थे और दोनों साथ रहते थे। दंपती की कोई संतान भी नहीं थी।

एम्स में शव की निगरानी, पिता के अलावा किसी को जाने की इजाजत नहीं

राज आर्या के पिता भी घटना की जानकारी मिलने के बाद एम्स पहुंचे। पुलिस की निगरानी में उन्होंने बेटे के शव के पास समय बिताया।

अस्पताल में बाहरी और अनजान लोगों को शव तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। महिला आरक्षी से भी किसी को मिलने या बातचीत करने से रोका गया।

पुलिस ने आत्महत्या माना, लेकिन कई सवालों के जवाब अभी बाकी

सिटी एसपी पश्चिमी ने प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या बताया है। हालांकि सर्विस रिवाल्वर, फिंगरप्रिंट, कपड़ों और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच अभी बाकी है।

पुलिस हत्या की आशंका समेत दूसरे पहलुओं को भी जांच के दायरे में रख रही है। अब एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।