245 किमी के पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे का काम अटका, 9 ROB और जमीन अधिग्रहण पर आया अपडेट
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के साथ नौ रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन रेलवे से अभी इनके डिजाइन को ...और पढ़ें

पटना-पूर्णिया एक्सप्रसे वे का काम अटका। सांकेतिक तस्वीर
राज्य ब्यूरो, पटना। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे के साथ नौ रेल ओवर ब्रिज (ROB) का भी निर्माण कराया जाना है। आरओबी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा है।
दिलचस्प यह है कि जनवरी 2025 में ही इस 245 किमी लंबे एक्सप्रेस वे के एलायनमेंट को मंजूरी मिली थी पर आरओबी के डिजायन को रेलवे से अभी मंजूरी नहीं मिली है। जमीन का भी अधिग्रहण नहीं हुआ है।
नौ में 8 आरओबी को पूर्व मध्य रेल की मंजूरी जरूरी
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे के एलायनमेंट के तहत जो नौ आरओबी का निर्माण कराया जाना है उसमें आठ की मंजूरी पूर्व मध्य रेल के स्तर से होनी है।
वहीं एक आरओबी को उत्तर पूर्व रेल से मंजूरी मिलनी है। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मध्य रेल व उत्तर पूर्व रेल को ओरओबी का डिजायन भेज दिया गया है।
अद्यतन स्थिति यह है कि अभी डिजायन की मंजूरी का इंतजार हो रहा। रेलवे और एनएच की टीम ने आरओबी के निर्माण को ले संयुक्त स्थल निरीक्षण भी किया है।
इस प्रोजेक्ट के निर्माण को ले इसी वर्ष फरवरी में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत काम आगे बढ़ाए जाने को मंजूरी मिली थी। वर्तमान में कैबिनेट कमेटी आन इकोनामिक अफेयर्स की मंजूरी का इंतजार हो रहा।
आधा दर्जन जिलों में इस एक्सप्रेस वे के लिए जमीन का अधिग्रहण
आधा दर्जन जिलों में इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन का अधिग्रहण होना है। इस प्रोजेक्ट का नाम भले ही पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे है पर यह पटना से आरंभ नहीं होकर वैशाली से शुरू हो रहा।
वैशाली के साथ-साथ इस प्रोजेक्ट के लिए समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया में जमीन का अधिग्रहण होना है।
जमीन अधिग्रहण की अद्यतन स्थिति यह है कि एलायनमेंट के तहत जमीन चिन्हित कर आरंभिक प्रक्रिया यानी थ्रीए कई जगहों पर की गयी है। यह प्रोजेक्ट ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट की श्रेणी में शामिल है इसलिए एलायनमेंट के पूरे हिस्से में जमीन का अधिग्रहण होना है।
