विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाशोत्सव की तैयारी तेज, 31 दिसंबर तक पूरे होंगे शहर से जुड़े काम

Published: Tue, 10 Nov 2026 12:36 PM (IST)

राज्य सरकार पटना में जनवरी 2027 में होने वाले श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाशोत्सव की तैयारियों ...और पढ़ें

तख्‍त श्री हरिमंदिर जी साहेब में हो रही तैयारी। फाइल

तख्‍त श्री हरिमंदिर जी साहेब में हो रही तैयारी। फाइल

HighLights

  1. जनवरी 2027 प्रकाशोत्सव की तैयारियां पटना में तेज।

  2. शहर की सफाई, जल निकासी, सीवेज प्रबंधन प्राथमिकता।

  3. 31 दिसंबर तक अधिकांश कार्य पूरे करने का लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, पटना। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाशोत्सव को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जनवरी 2027 में पटना में होने वाले इस बड़े आयोजन को देखते हुए शहर की सफाई, जल निकासी और सीवेज प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

नगर विकास एवं आवास विभाग को इन कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकांश काम 31 दिसंबर तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।

गंगा में गंदा पानी जाने से रोकने के लिए बनेगा अस्थायी एसटीपी

विभाग को गंगा नदी में गंदा पानी जाने से रोकने के लिए अस्थायी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित करना होगा। इसके लिए पंप और पाइपलाइन की व्यवस्था की जाएगी।

इसके अलावा पांड लाइनिंग के साथ अस्थायी तालाब बनाए जाएंगे। मच्छरों और दूसरे कीटों से बचाव के लिए कीट नियंत्रण अभियान चलाने के साथ ठोस कचरे का भी बेहतर प्रबंधन करना होगा।

साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंगन घाट से तख्त श्री हरमंदिर जी और गुरु का बाग तक स्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

गुरुद्वारा के आसपास की उन गलियों को भी पक्का किया जाएगा, जिन्हें दूसरे विभागों की योजनाओं में शामिल नहीं किया गया है। इन गलियों में नालों का निर्माण भी कराया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

पटना नगर निगम को बड़ी की गली और हरमंदिर गली की सड़कों की मरम्मत करनी है। हरमंदिर, कचौड़ी और आसपास की गलियों में जलजमाव दूर करने के साथ पटना सिटी के नालों की उड़ाही और मरम्मत भी कराई जाएगी।

चौक थाना के पास पंपिंग स्टेशन और जलापूर्ति पाइपलाइन का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही गांधी मैदान सहित शहर के अन्य अंचलों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

सरकार का प्रयास है कि प्रकाशोत्सव के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण, बेहतर सड़कें, जल निकासी और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। विभाग ने कामों की समय सीमा तय कर दी है। निर्देश दिए गए हैं कि तय सीमा में कार्य को समाप्त किया जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।