फायरिंग के बाद पटना पुलिस ने अपराधी के पैर में मारी गोली; कैश वैन लूटकांड को दिया था अंजाम
पटना पुलिस ने कैश वैन लूट कांड के एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इस कार्रवाई में तीन अन्य अपराधी भी गिरफ्तार हुए और लूटी गई राशि समेत कई सामान बरामद किए गए।
HighLights
कैश वैन लूट के अपराधी का हाफ एनकाउंटर।
पुलिस ने तीन अन्य अपराधियों को भी किया गिरफ्तार।
लूटे गए ₹5 लाख और 4 iPhone बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, पटना। अपराध के खिलाफ पटना पुलिस अब पूरे एक्शन में है। अपराधियों की लगातार नकेल कसी जा रही है। इसी क्रम में कैश वैन लूट कांड के एक अपराधी का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है।
मामले में तीन अन्य अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। गोपालपुर थाना क्षेत्र में 13 मई को सीएमएस कंपनी के कैशवैन को अपराधियों ने लूटा था।
इससे पहले सोमवार की सुबह शिक्षक को गोली मार लूटपाट के एक आरोपित को खदेड़कर पुलिस ने पैर में गोली मारी थी।
13 मई को लूटा था कैश वैन
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि घटना के बाद सिटी एसपी (ईस्ट) के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।
तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज के गहन अवलोकन एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की गई।
इसके बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में सोमवार रात तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
तीन की गिरफ्तारी के बाद छापेमारी के दौरान अपराधी ने की फायरिंग
एसएसपी के अनुसार इसी दौरान एक अन्य अपराधी के बारे में पुलिस टीम को जानकारी मिली। वहां छापेमारी की गई तो अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अपराधी के पैर में लगी। घायल अपराधी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
कार्रवाई के दौरान लूट के 5,00,000 रुपये, लूट की राशि से खरीदे गए 4 iPhone मोबाइल, घटना में प्रयुक्त बाइक, CMS की पर्ची, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा फायरिंग में प्रयुक्त आग्नेयास्त्र बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- पटना में सुबह-सुबह पुलिस-अपराधियों की मुठभेड़; शिक्षक को गोली मार लूटने वाले को लगी गोली