विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में सुबह-सुबह पुलिस-अपराध‍ियों की मुठभेड़; श‍िक्षक को गोली मार लूटने वाले को लगी गोली

Published: Mon, 18 May 2026 08:42 AM (GMT+05:30)

बिहार पुलिस के 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत पटना में एक मुठभेड़ हुई। शिक्षक को गोली मारकर लूटने वाले एक अपराधी को पुलिस ने गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया।

HighLights

  1. पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी घायल, दूसरा गिरफ्तार।

  2. शिक्षक को गोली मारकर लूटने वाले थे ये अपराधी।

  3. अगमकुआं के ट्रांसपोर्ट नगर में हुई घटना।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। बिहार पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। सिवान के बाद अब राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। 

सोमवार सुबह अगमकुआं थाना अंतर्गत भूतनाथ रोड से 13 मई की सुबह पैदल बस पकड़ने जा रहे नालंदा के चंडी स्थित शिक्षक शंभू कुमार से लूटपाट के दौरान गोली मारने वाले अपराधियों से पुलिस का आमना-सामना हुआ। 

अपराधी ने पुलिस पर चलाई गोली

ट्रांसपोर्ट नगर में पेट्रोल पंप के समीप हुई मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोली चला दी। गोली पुलिस की जिप्सी पर लगी।

पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली मार कर जख्मी कर दिया।

भाग रहे दूसरे अपराधी प्रिंस कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

सरकारी स्‍कूल के श‍िक्षक को लूटपाट के दौरान मारी थी गोली

घटनास्थल पर मौजूद एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि 13 में की सुबह करीब 4:30 बजे नालंदा विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक शंभू कुमार महिला सहकर्मी शिक्षक वीणा कुमारी के साथ विद्यालय जाने के लिए भगवत नगर से निकले थे।

यह दोनों पैदल बस पकड़ने जा रहे थे। भूतनाथ रोड के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने शिक्षक से लूटपाट करने के दौरान शंभू कुमार के बांह में में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया था।

दोनों अपराध‍ियों का रहा है आपराध‍िक इत‍िहास

घटना के बाद से पुलिस टीम अपराधियों की धर पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान सोमवार की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पैट्रोल पंप के पास इन अपराअधियों ने पुलिस को देखते ही गोली चला दी।

गोली जिप्सी पर लगी। करवाई करते हुऎ पुलिस ने संदीप कुमार ऊर्फ बदल के पैर में गोली मारी। दूसरे अपराधी प्रिंस कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि दौलतपुर के रहने वाले इन दोनों का पूर्व से अपराधी के इतिहास रहा है । जाकरियापुर में ये किराए के मकान में रह कर अपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों पूर्व में दो बार जेल जा चुके हैं। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।