पटना में इलेक्ट्रिक दुकान की आड़ में चल रहा था गैस रिफिलिंग का अवैध धंधा, दारोगा ने ग्राहक बन किया भंडाफोड़
पटना पुलिस ने आनंदपुरी में एक इलेक्ट्रिक दुकान की आड़ में चल रहे अवैध गैस सिलिंडर रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

छापामारी के बाद जब्त सिलिंडर। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। श्रीकृष्णापुरी थानान्तर्गत आनंदपुरी स्थित एक इलेक्ट्रिक रिपयेरिंग दुकान की आड़ में घरेलू गैस सिलिंडर से छोटे व कमर्शियल सिलिंडर भरने के गोरखधंधे का पुलिस ने नाटकीय अंदाज में खुलासा किया।
पहले एक दारोगा खुद ग्राहक बनकर पहुंचे और सिलिंडर उपलब्ध करने की हामी भरने के बाद इशारा कर छापेमारी करा दी। पुलिस ने मौके से आठ खाली घरेलू व एक कर्मशियल सिलिंडर के साथ रिफलिंग उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस ने दुकानदार राजापुर पुल निवासी अनिल कुमार को एस्मा एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। वहीं आपूर्ति निरीक्षणक प्रिंस कुमार के बयान पर एसके पुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लंबे समय से मिल रही थी सूचना
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि आनंदपुरी नाला के पास स्थित एक इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग दुकान में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। मामले की सच्चाई जानने के लिए दारोगा रणधीर कुमार सिंह ग्राहक बनकर पहुंचे और उन्होंने गैस सिलिंडर की मांग की।
दुकानदार अनिल कुमार ने बिना हिचक ब्लैक में सिलिंडर देने की बात मान ली। इसके बाद दरोगा का संकेत पाते ही थाना प्रभारी जितेंद्र राणा पुलिस बल के साथ पहुंचे और छापेमारी की।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह मिक्सर, हीटर और अन्य इलेक्ट्रिक सामान की मरम्मत की आड़ में लंबे समय से गैस सिलिंडर की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी कर रहा था।
उसने बताया कि इलाके में गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों का फायदा उठाकर वह यह काम कर रहा था। इंस्पेक्टर जितेंद्र राणा ने कहा कि अनिल कुमार से पूछताछ कर उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जो उसे सिलिंडर उपलब्ध कराते थे।
वहीं, कमर्शियल सिलिंडर को अवैध तरीके से भरवाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिले में गैस किल्लत व कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने 28 धावादल बनाने के साथ सभी एसडीओ व एसडीपीओ को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
होटल-रेस्तरां में देर शाम पहुंच रहे कमर्शियल सिलिंडर
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य पर सिलिंडर बिक्री व घरेलू सिलिंडर के अवैध इस्तेमाल की रोकथाम को 28 धावादल गठित करने के साथ वरीय पदाधिकारियों को सतत निगरानी का आदेश दिया है।
हालांकि, व्यापारियों व अन्य जरूरतमंदों ने इससे बचने का तरीका ढूंढ लिया है। अधिसंख्य बड़े रेस्तरां व होटल देरशाम अंधेरा होने के बाद कमर्शियल सिलिंडर मंगवाते हैं। देरशाम इन्हें वेंडर देने नहीं आते बल्कि बंद वाहनों में लाए जाते हैं। आशंका है कि इनमें से अधिसंख्य घरेलू सिलिंडर से रिफिल कराए जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।