विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानपुर जंक्शन रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन के इंजन का शीशा तोड़ा; आख‍िर क्‍यों नाराज हो गए यात्री?

Published: Mon, 06 Apr 2026 08:40 AM (IST)

मानपुर जंक्शन पर रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों ने लंबी देरी के कारण इंजन का शीशा तोड़ दिया। ट्रेन निर्धारित ...और पढ़ें

पैसेंजर ट्रेन की लेटलतीफी पर हंगामा। सांकेत‍िक फोटो

पैसेंजर ट्रेन की लेटलतीफी पर हंगामा। सांकेत‍िक फोटो

HighLights

  1. मानपुर जंक्शन पर यात्रियों ने ट्रेन के इंजन का शीशा तोड़ा।

  2. रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन 1.47 घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही।

  3. आरपीएफ ने अज्ञात यात्रियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, गयाजी। मानपुर जंक्शन पर शनिवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब लंबे समय तक रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन नहीं खुलने से यात्री नाराज हो गए। 

यात्रियों ने इंजन के विंडो ग्लास पर पत्थर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गया आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 53403 अप रामपुरहाट-गया पैसेंजर अपने निर्धारित समय 21:13 बजे से 67 मिनट की देरी से रात 22:20 बजे मानपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 4 पर पहुंची थी।

एक घंटा विलंब से पहुंचने के बाद भी देर तक रुकी रही

ट्रेन के पहुंचने के बाद भी लंबे समय तक उसके प्रस्थान नहीं होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ने लगी। यात्री बार-बार लोको पायलट और रेलवे कर्मियों से ट्रेन खोलने को लेकर पूछताछ कर रहे थे।

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों और स्टेशन स्टाफ ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती गई।

स्टेशन मास्टर के अनुसार, गया जंक्शन से लाइन क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण ट्रेन को रोका गया था। पहले 23:55 बजे लाइन मिलने की सूचना दी गई।

लेकिन इसे तुरंत निरस्त कर दिया गया। इसके बाद 23:58 बजे मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गया एक्सप्रेस को थ्रू सिग्नल देकर पास कराया गया।

इंजन का विंडो ग्‍लास तोड़ा 

लगातार हो रही देरी से आक्रोशित एक यात्री ने करीब 00:07 बजे इंजन के विंडो ग्लास पर पत्थर मार दिया, जिससे शीशा टूट गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

बताया गया कि इस दौरान पैसेंजर ट्रेन को रोककर मालगाड़ी समेत कुल छह ट्रेनों को पास कराया गया। अंततः रात करीब 00:05 बजे लाइन मिलने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया, जो करीब 1 घंटा 47 मिनट तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही।

घटना के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया में अज्ञात के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।