विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट छात्रा मौत मामला: 150 से अधिक लोगों के बयान, 22 दिन बाद भी पुलिस जांच बेनतीजा; अब CBI पर टिकी उम्मीदें

Published: Sat, 31 Jan 2026 10:47 PM (IST)

पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में 22 दिनों की पुलिस जांच और एसआईटी गठन के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। शुरुआती लापरवाही के बाद फोरेंसिक रिपोर्ट में यौन हिंसा के संकेत मिले, जिससे पुलिस की थ्योरी बदल गई। दो अधिकारियों को निलंबित किया गया, डीएनए प्रोफाइलिंग भी हुई, पर मुख्य आरोपी अब तक नहीं पकड़ा गया। परिवार अब सीबीआई जांच की उम्मीद कर रहा है।

पटना नीट छात्रा मौत मामला। (जागरण)

पटना नीट छात्रा मौत मामला। (जागरण)

HighLights

  1. पुलिस की 22 दिन की जांच में कोई ठोस नतीजा नहीं।

  2. फोरेंसिक रिपोर्ट में यौन हिंसा के संकेत, पुलिस थ्योरी बदली।

  3. मुख्य आरोपी अब तक फरार, परिवार को सीबीआई से आस।

जागरण संवाददाता, पटना। छह जनवरी को चित्रगुप्त नगर के गर्ल्स हॉस्टल में बेहोशी की हालत में मिली नीट की तैयारी करने वाली छात्रा की मौत के मामले में पटना पुलिस की 22 दिनों की जांच कहीं नहीं पहुंची।

एसआईटी भी बनी। इसमें सात सदस्यीय टीम में 35 से अधिक तेजतर्रार पदाधिकारी से लेकर पुलिसकर्मी लगाए गए, फिर भी पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद भी कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला।

अब परिवार और लोगों की नजरें सीबीआई पर टिक गई हैं, क्योंकि स्थानीय पुलिस की जांच खुद ही सवालों के घेरे में उलझी हुई है।

इस मामले जो एक गिरफ्तारी हुई थी, मकान मालिक की हुई, जिसे सिर्फ इस वजह से से जेल भेजा गया कि साक्ष्य न मिटे और अनुसंधान प्रभावित ना हो। इसके अलावा किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।

बेहोशी की हालत नमें मिली थी छात्रा

छह जनवरी को छात्रा को हॉस्टल में बेहोशी की हालत में मिली। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। स्वजन ने शुरू से ही आशंका जताई कि बेटी के साथ मारपीट या यौन हिंसा हुई। पुलिस ने 9 जनवरी को चित्रगुप्त नगर थाने में केस दर्ज किया, लेकिन शुरुआती जांच में लापरवाही साफ दिखी।

एएसपी ने महिला चिकित्सक के बयान के आधार पर यौन हिंसा की पुष्टि नहीं होने की बात कही, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट उस समय आई ही नहीं थी। यह बयान झुलसाने वाला साबित हुआ। मामले ने तूल पकड़ा तो 16 जनवरी को डीजीपी के निर्देश पर एसपी पूर्वी के नेतृत्व में सात सदस्यीय एसआईटी गठित की गई।

चित्रगुप्त नगर थानेदार को टीम से बाहर रखा गया, क्योंकि स्वजन पहले से उन पर सवाल उठा रहे थे। एसआईटी ने दावा किया कि जांच तेजी से किया जा रहा है। छात्रा के उपचार वाले अस्पताल से लेकर यूरिन सैंपल में मिली नींद की गोली का सोर्स खोजा गया। दवा किस दुकान से खरीदी गई, यह पता चला।

मोबाइल में सर्च की गूगल हिस्ट्री

छात्रा के मोबाइल की गूगल सर्च हिस्ट्री में 'सुसाइड' और 'नींद की दवा' के सर्च मिले। ट्रैवल हिस्ट्री जांचने को हॉस्टल से पटना जंक्शन और जहानाबाद तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। 150 से अधिक लोगों के बयान लिए गए, 80 से ज्यादा जगहों पर कैमरा फुटेज देखे गए।

पुलिस ने दावा किया कि दवा खरीदने वाली दुकान तक पहुंच चुके हैं, लेकिन असली झटका फारेंसिक रिपोर्ट से लगा। 25 जनवरी को बायोलाजिकल जांच में अंतर्वस्त्र पर मानव स्पर्म के अवशेष मिले। यह रिपोर्ट पुलिस की पूरी जांच पर सवालिया निशान लगा गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कहा गया कि यौन हिंसा की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, फिर भी शुरुआती बयान गलत साबित हुए। पुलिस की पूरी थ्योरी ही बदल गई। पुलिस बैकफुट पर चली गई और स्थिति यह हो गई कि इस मामले में पुलिस बयान देने में भी बचने लगी।

स्पर्म का डीएनए प्रोफाइल तैयार

इसके 25 जनवरी की रात चित्रगुप्त नगर थानेदार और कदमकुआं के अपर थानेदार को निलंबित कर दिया गया। एफएसएल ने स्पर्म का डीएनए प्रोफाइल तैयार किया। पुलिस ने 25 संदिग्धों के ब्लड सैंपल लिए और मिलान के लिए भेजे। फिर भी कोई अरेस्ट नहीं, कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया।

पुलिस की यह लचर जांच कई सवाल छोड़ गई। ट्रैवल हिस्ट्री में जहानाबाद का लिंक क्यों उभरा, लेकिन कोई ठोस लीड क्यों नहीं मिली? बच्ची से यौन हिंसा की घटना कब और कहाँ हुई, आरोपित कौन है, यह सवाल आज भी बना हुआ है।

शुरुआती जांच में इनकार से लेकर निलंबन तक, हर कदम पर लापरवाही झलकी। 22 दिनों की जांच, अफसर लगे, लेकिन नतीजा शून्य रहा। परिवार न्याय की आस में है। क्या सीबीआई इस पहेली को सुलझाएगी? अब यह सवाल बना है।

यह भी पढ़ें- नीट छात्रा मौत: जन सुराज पार्टी ने सीबीआई जांच पर सवाल उठाए, निष्पक्ष जांच और त्वरित खुलासे की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।