विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना नगर निगम ने म्यूनिसिपल बाँड से डेढ़ घंटे में जुटाए 200 करोड़, अब शहर में होंगे 18 विकास कार्य

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:18 PM (IST)

पटना नगर निगम ने म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी कर डेढ़ घंटे में बाजार से करीब 200 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह ...और पढ़ें

म्‍यूनिसि‍पल बॉंड जारी करने को लेकर हुई बैठक में महापौर सीता साहू, नगर आयुक्‍त यशपाल मीणा व अन्‍य। सौ-निगम

म्‍यूनिसि‍पल बॉंड जारी करने को लेकर हुई बैठक में महापौर सीता साहू, नगर आयुक्‍त यशपाल मीणा व अन्‍य। सौ-निगम

HighLights

  1. पटना नगर निगम ने म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी किया।

  2. डेढ़ घंटे में बाजार से 199.99 करोड़ रुपये जुटाए।

  3. राशि का उपयोग शहर के विकास कार्यों में होगा।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना नगर निगम ने शुक्रवार को म्यूनिसिपल बाँड जारी कर दिया। सुबह 9:30 से 11 बजे तक डेढ़ घंटे चली बीडिंग में बाजार से 199.99 करोड़ जुटा भी लिए।

इस दौरान 205 करोड़ से अधिक तक की बोली लगी। इस प्रकार राज्य का पहला नगर निकाय बन भी बन गया। यह म्यूनिसिपल बाँड देश में चालू वित्तीय वर्ष में पहला है।

बॉंड जारी करने के लिए निगम को भारत सरकार की ओर से लगभग 26 करोड़ की प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी।
100.03 करोड़ के आधार निर्गम आकार के मुकाबले इस बांड को संस्थागत निवेशकों से दोगुने से अधिक की मांग प्राप्त हुई।

10 वर्षों की अवध‍ि है बॉंड की 

नेशनल स्टाक एक्सचेंज (NSE) के इलेक्ट्राॅनिक बिडिंग प्लेटफाॅर्म (EBP) के माध्यम से निजी नियोजन (प्राइवेट प्लेसमेंट) प्रक्रिया के तहत बाँड जारी किए गए।

बाँड की अवधि 10 वर्ष है, जिसपर 9.20 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर निर्धारित की गई है। पहले चार वर्षों तक केवल ब्याज का भुगतान तिमाही किस्तों में होगा।

इसके बाद ब्याज के साथ मूलधन का भुगतान भी तिमाही किस्तों में किया जाएगा। बाँड के लिए नगर निगम को इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड तथा एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च लिमिटेड से एए/स्टेबल की क्रेडिट रेटिंग पहले से ही प्राप्त है।

इसका अर्थ है कि वित्तीय दायित्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की उच्च क्षमता है तथा इनमें ऋण जोखिम बहुत कम है। महापौर सीता साहू ने कहा कि नगर निगम के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है।

जुटाई गई राशि का उपयोग पटना के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि शहर में आधारभूत सुविधाओं के विकास और नागरिक सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी। नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार में बांड की लिस्टिंग और बीडिंग की प्रक्रिया को लाइव देखा गया।

बाँड की राशि से बनेंगे वेंडिंग जोन व मैरिज हाॅल

म्युनिसिपल बाँड से मिलने वाली राशि से राजधानी में 15 स्थानों पर 18 विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें 12 वेंडिंग जोन, दो मैरिज हाॅल, एक पार्किंग, एक वाणिज्यिक परिसर, एक होटल और एक सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है।

इन कार्यों के लिए 10 स्थानों पर नगर निगम, चार स्थानों पर पथ निर्माण विभाग और एक स्थान पर आवास बोर्ड की जमीन चिह्नित की गई है। नगर निगम ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। वहीं प्रोत्साहन राशि को पटना न्यू मार्केट पुनर्विकास परियोजना में खर्च करने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- पटना नगर निगम ने जारी किया 200 करोड़ का म्युनिसिपल बांड, बिहार का पहला नगर निकाय बना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।