विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना नगर निगम ने म्युनिसिपल बॉन्ड से जुटाए 200 करोड़, CM सम्राट ने पेश किया विकास का रोडमैप

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:01 PM (GMT+05:30)

पटना नगर निगम ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉन्ड सूचीबद्ध किए, जिससे वह सरकारी अनुदान पर निर्भरता कम कर पूंजी बाजार से संसाधन जुटा सकेगा।

पटना नगर निगम ने म्युनिसिपल बॉन्ड से जुटाए 200 करोड़, CM सम्राट ने पेश किया विकास का रोडमैप

पटना नगर निगम ने म्युनिसिपल बॉन्ड से जुटाए 200 करोड़, CM सम्राट ने पेश किया विकास का रोडमैप

जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकारी संसाधनों के साथ निजी निवेश को भी बढ़ावा देना होगा। सभी विभागों व नगर निकायों को अपनी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग कर राजस्व अर्जित करने के मौके तलाशने चाहिए।

बॉन्ड व पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) से प्राप्त धनराशि का ऐसी परियोजनाओं में निवेश किया जाए जिनसे भविष्य में नियमित अतिरिक्त आय हो सके। इसकी शुरुआत पटना नगर निगम ने की है। मंगलवार को निगम के 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में लिस्टिंग हुई।

अब पटना नगर निगम को शहरी विकास के लिए सिर्फ सरकारी अनुदान पर निर्भर नहीं रहना होगा। वह पूंजी बाजार से भी संसाधन जुटा सकेगा। प्रदेश के अन्य नगर निगमों को पटना की इस पहल से सीख लेने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को ये बातें होटल ताज सिटी सेंटर में पटना नगर निगम म्युनिसिपल बॉन्ड लिस्टिंग समारोह में कहीं। इसके पूर्व उन्होंने बेल सेरेमनी कर इसका शुभारंभ करते हुए इस पहल को प्रदेश की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। समारोह की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने की।

मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी कुमारी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, एनएसई के हेड कृष्णन अय्यर, विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, सीआईआई के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सत्यजीत सिंह समेत कई वरीय अधिकारी व उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

30 हजार करोड़ से पीपीपी मोड में बनेगा मरीन ड्राइव:

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में 26 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव जेपी गंगा पथ के निर्माण में 13 वर्ष लगे और इसके लिए सरकारी खजाने से राशि खर्च की गई। अब 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण की दिशा में पीपीपी मोड पर काम किया जा रहा है।

इस परियोजना में करीब 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। बेहतर आधारभूत संरचना के विकास के लिए निजी निवेश और सार्वजनिक संसाधनों का समन्वय जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वे सरकार द्वारा बनाए 16 नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज सह अस्पतालों को भी पीपीपी मोड पर संचालित करने जा रहे हैं। इसके लिए अनुभवी चिकित्सकों और चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों की सहायता ली जाएगी। ब्राउनफील्ड मॉडल के तहत इन संस्थानों के बेहतर संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सौर ऊर्जा व बैटरी स्टोरेज में निवेश, गाद से कमाई:

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर कहा कि बिजली की अलग-अलग समय पर अलग-अलग कीमतों पर खरीद करनी पड़ती है। इससे बचने के लिए बैटरी स्टोरेज व पंप स्टोरेज सिस्टम विकसित करना जरूरी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे। इस दौरान बैटरी-पंप स्टोरेज से जुड़ी परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। इससे ऊर्जा क्षेत्र में लाखों करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं बनेंगी।

उन्होंने सक्षम परिवारों से 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा छोड़कर घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की अपील की। तीन किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने पर सरकार करीब 98 हजार रुपये अनुदान दे रही है। उत्पादित बिजली में से अतिरिक्त बिजली सरकार खरीदेगी।

मुख्यमंत्री ने नदियों से गाद निकालकर राजस्व अर्जित करने की योजना पर भी काम करने की बात कही। इससे बाढ़ की समस्या कम करने के साथ निकाली गई गाद के उपयोग से आय के नए स्रोत विकसित किए जा सकेंगे।

पाटलिपुत्र टाउनशिप में पांच लाख करोड़ का निवेश:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व के आधार पर इनका नामकरण किया गया है। पटना में प्रस्तावित पाटलिपुत्र टाउनशिप को व्यवस्थित रूप से विकसित करने से करीब पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।

आधुनिक आवासीय सुविधाओं की मांग को देखते हुए राज्य में हाईराइज भवनों के निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 2000 में झारखंड के अलग होने के बाद बिहार से करीब 87 प्रतिशत राजस्व और 46 प्रतिशत भूमि अलग हो गई थी। इसके बावजूद राज्य का बजट करीब छह हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 3.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा है। बिहार की लगभग 14 करोड़ आबादी उसकी बड़ी ताकत है।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को ही 1.09 करोड़ से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1205.91 करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- 'दिमागी नक्सली' देश की तरक्की रोकना चाहते हैं, धर्मेंद्र प्रधान ने क्यों कही इन्हें खारिज करने की बात?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।