पटना में 3 दिन से लापता नाबालिग ऑटो में बेहोश मिली, शादीशुदा चालक शमशाद गिरफ्तार
तीन दिन से लापता 14 वर्षीय छात्रा पटना के गर्दनीबाग इलाके में एक ऑटो से बेहोशी की हालत में मिली। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
तीन दिन से लापता 14 वर्षीय छात्रा ऑटो में बेहोश मिली।
ऑटो चालक मोहम्मद शमशाद आलम अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार।
आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए हिंदू देवी-देवताओं की डीपी लगाई थी।
जागरण संवाददाता, पटना। गर्दनीबाग इलाके से तीन दिनों से लापता 14 वर्षीय आठवीं कक्षा की छात्रा शनिवार सुबह बेहोशी की हालत में एक आटो से बरामद हुई। लड़की के परिजनों ने तारामंडल के पास आटो में बच्ची को देखकर उसका पीछा किया और मंदिरी नाले के पास आटो चालक को दबोच लिया।
आरोपित चालक की पहचान 21 वर्षीय मोहम्मद शमशाद आलम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली का रहने वाला है। परिजनों ने आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया है, जबकि पीड़िता को गंभीर हालत में इलाज के लिए न्यू गार्डिनर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का आरोप है कि शमशाद आलम शादीशुदा है और उसकी आठ महीने की एक बच्ची भी है। वह गर्दनीबाग में किराए पर रहता था। आरोपी अपने वाटसएप पर हिंदू देवी-देवताओं की डीपी लगाकर पहचान छिपाता था और दूसरे समुदाय की लड़कियों को झांसा देता था।
आरोप है कि वह तीन दिनों तक नाबालिग को आटो में ही घुमाता रहा और उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होने पर ही वह उसे अस्पताल दिखाने लाया था, तभी परिजनों की नजर उस पर पड़ गई।
आरोपित का दावा और पुलिस कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में आरोपित शमशाद ने दावा किया है कि उसने तीन दिन पहले मैनपुरा के एक मंदिर में नाबालिग से शादी की थी। उसने यह भी कबूला कि साल 2025 में उसने एक अन्य युवती से भी शादी की थी, जिससे उसकी एक बेटी है। चूंकि घर पर उसकी पत्नी रहती थी, इसलिए वह नाबालिग को घर न ले जाकर आटो में ही रखता था।
सचिवालय डीएसपी डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि चार जुलाई को गर्दनीबाग थाने में अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार तकनीकी और मानवीय स्रोतों से खोजबीन कर रही थी। कोतवाली थाना के सहयोग से नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपित की पत्नी भी दूसरे समुदाय की है।
यह भी पढ़ें- बिहार के सरकारी स्कूल बन गए पुलिस कैंप, परीक्षा से वंचित हुए हजारों छात्र
यह भी पढ़ें- दरभंगा के आदित्य ने बढ़ाया बिहार का मान, इसरो में बने वैज्ञानिक, गांव में जश्न
