पटना के मरीन ड्राइव पर बाइक पर रोमांस और स्टंट पड़ा भारी, ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज की FIR
पटना के जेपी गंगा पथ पर चलती बाइक पर रोमांस और स्टंट करने वाले प्रेमी जोड़े पर ट्रैफिक पुलिस ने FIR दर्ज की है।
HighLights
जेपी गंगा पथ पर बाइक पर रोमांस-स्टंट का वीडियो वायरल।
पटना ट्रैफिक पुलिस ने प्रेमी जोड़े पर FIR दर्ज की।
बाइक मालिक दीपक कुमार और युवती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई।
डिजिटल डेस्क, पटना। पटना के चर्चित जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर चलती बाइक पर खतरनाक अंदाज में रोमांस और स्टंट करने वाले प्रेमी जोड़े की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सोशल मीडिया पर युवक-युवती के किसिंग और खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो वायरल होने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांधी मैदान ट्रैफिक थाने में मामला दर्ज
पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच गांधी मैदान ट्रैफिक थाने के थानाध्यक्ष द्वारा की गई।
जांच में पाया गया कि यह घटना 5 सितंबर 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे की है। कृष्णा घाट से दीघा गोलंबर की दिशा में एक स्पलेंडर बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JU-7693) पर सवार युवक-युवती बेहद खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए रोमांस कर रहे थे।

जांच के बाद बाइक के चालक सह मालिक दीपक कुमार (निवासी: मोगलपुरा, पटना सिटी) और उसके साथ बाइक पर मौजूद अज्ञात युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 281 के तहत कांड संख्या 203/26 दर्ज किया गया है।
सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी
वायरल क्लिप में युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहा है और पीछे बैठी युवती उसके बेहद करीब आकर उसे किस करती दिख रही है।
व्यस्त सड़क पर इस तरह से ध्यान भटकाकर और नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने से अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रील्स बनाने और सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी पाने के चक्कर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में बाइक जब्त करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।
