Bihar News: कौन हैं कृष्णा अलावरू? जिन्हें बनाया गया बिहार कांग्रेस का नया प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई
कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने बिहार पंजाब मध्य प्रदेश समेत 11 राज्यों में नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसी क्रम में बिहार में भी नए प्रभारी बनाए गए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कृष्ण अलावरू को बिहार कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस ने के राजू को को झारखंड का प्रभारी बनाया है। हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में इस वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं, इससे पहले कांग्रेस ने बिहार में बड़ा बदलाव किया है। शुक्रवार को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार के कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश के स्थान पर पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्णा अलावरू को बिहार का प्रभारी बना दिया है।
बिहार के साथ ही झारखंड, मणिपुर, सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा, तेलंगाना समेत 12 राज्यों के प्रभारी बदले गए हैं। पार्टी आलाकमान की सहमति के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
मोहन प्रकाश को जिम्मेदारी से किया मुक्त
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने वर्ष 2023 दिसंबर महीने में भक्त चरण दास के स्थान पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश को बिहार कांग्रेस का प्रभार सौंपा था। बिहार की जिम्मेदारी मिलने के बाद से मोहन प्रकाश यहां काफी सक्रिय रहे और लगातार उनका बिहार का दौरा भी होता रहा।
उनके कार्यकाल में ही देश के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का दो बार बिहार दौरा भी हुआ। सूत्रों की माने तो मोहन प्रकाश ने पार्टी आलाकमान से आग्रह किया था कि उन्हें बिहार की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाए।
कष्णा अलावरु अब संभालेंगे कमान
इसकी चर्चा बीते कई दिनों से थी और अंततः पार्टी ने शुक्रवार की देर शाम मोहन प्रकाश को बिहार की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए उनके स्थान पर पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्णा अलावरू को बिहार कांग्रेस का प्रभार सौंप दिया है।
बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड की जिम्मेदारी के राजू को सौंपी गई है। अलावरू फिलहाल युवा कांग्रेस के प्रभारी के तौर पर काम कर रहे थे।
अलावरु को बिहार प्रभारी बनाने पर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अखिलेश प्रसाद सिंह, विधान मंडल दल के नेता शकील अहमद खान, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, ब्रजेश पांडेय, मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौर, प्रवक्ता आनंद माधव ब्रजेश प्रसाद मुन्नन समेत अनेक नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
लालू यादव से झारखंड के मंत्री संजय यादव ने की मुलाकात
वहीं दूसरी ओर पटना में शुक्रवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात करने के बाद झारखंड के मंत्री संजय यादव ने तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बताया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक कहानी के अंत की भविष्यवाणी करते हुए उन्होंने कहा कि लालू कोई तांत्रिक नहीं हैं, जो इसके लिए जादू-टोना करेंगे।
मोदी को उनकी जुमलेबाजी ही ले बैठेगी। उल्लेखनीय है झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली सरकार में संजय यादव राजद कोटे से एकमात्र मंत्री हैं। लालू से मिलने के लिए संजय अपने सहयोगियों के साथ राबड़ी आवास पहुंचे थे।
वहां से निकलने पर उन्होंंने दावा किया कि बिहार में इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। जनता ने परिवर्तन की ठान ली है। पूरा बिहार और विशेषकर युवा इस बार तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुके हैं।
मुलाकात के कारण से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद पार्टी के नेता होने के साथ-साथ हम सबके अभिभावक भी हैं। उनसे मेरी मुलाकात व्यक्तिगत थी।
उन्होंने कहा कि सत्ता मेंं रहते हुए तेजस्वी ने कई लाख युवाओं को नौकरी दी। उनसे प्रभावित युवा महागठबंधन की सरकार बनाने की ठान चुके हैं। प्रधानमंत्री के भागलपुर दौरे के संदर्भ में संजय ने कहा कि उनकी हवा अब बंद हो गई है। गोड्डा में भी तो वे चुनाव प्रचार के लिए गए थे। परिणाम सभी जानते हैं।
उन्होंने कहा कि वे बिहार आ रहे हैं, लेकिन यहां की जनता अब उनके झांसे में नहीं आने वाली।
यह भी पढ़ें-
Jharkhand News: झारखंड कांग्रेस में फेरबदल, के राजू बनाए गए पार्टी के नए प्रभारी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।