विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के बाद पटना जंक्शन पर यात्रियों का सैलाब: रोजाना 450000 यात्री कर रहे सफर, जनरल कोच में सीट के लिए मारामारी

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:24 AM (GMT+05:30)

छठ महापर्व के बाद पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जहां रोजाना 4.5 लाख लोग यात्रा कर रहे हैं।

ट्रेन में भीड़ के कारण गेट पर लटकर यात्रा करते यात्री। जागरण

ट्रेन में भीड़ के कारण गेट पर लटकर यात्रा करते यात्री। जागरण

HighLights

  1. छठ के बाद पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़।

  2. रोजाना 4.5 लाख यात्री कर रहे हैं ट्रेन से सफर।

  3. जनरल कोच में सीट के लिए यात्रियों की धक्का-मुक्की जारी।

जागरण संवाददाता, पटना। महापर्व की रौनक अब धीरे-धीरे विदाई ले रही है। घर-आंगन में छठ की पूजा और अपनों के साथ बिताए पलों की यादें समेटकर प्रवासी अब फिर परदेस की राह पकड़ने लगे हैं। किसी के हाथ में बैग है तो किसी के कंधे पर बच्चों की जिम्मेदारी।

कोई परिवार के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहा है तो कोई जनरल कोच में जगह पाने की जद्दोजहद में लगा है। बुधवार को पटना जंक्शन पर कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। प्लेटफार्म से लेकर फुटओवरब्रिज तक यात्रियों की आवाजाही तेज रही।

दीपावली और छठ के बाद उमड़ी इस भीड़ ने रेलवे स्टेशनों पर बढ़ते दबाव की तस्वीर सामने रख दी है। जंक्शन पर सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या करीब 50 प्रतिशत बढ़ गई है।

आम दिनों में जहां प्रतिदिन लगभग 3.5 लाख यात्री आते-जाते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 4.5 लाख हो गई है। इनमें लगभग 90 प्रतिशत यात्री दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जाने वाले हैं।

अगले एक-दो दिनों में यात्रियों की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। रेलवे स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के जरिए अतिरिक्त भीड़ को संभालने की कोशिश कर रहा है।

हालांकि, यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि के बीच जनरल कोच में जगह की कमी और प्लेटफार्म पर बढ़ता दबाव बड़ी चुनौती बना हुआ है।

जनरल कोच में चढ़ने के लिए मारामारी

सबसे अधिक परेशानी जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को हो रही है। पटना जंक्शन से खुलने वाली ट्रेनों में जनरल कोच में जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन रही है।

वहीं, दूसरे स्टेशनों से चलकर आने वाली ट्रेनों के जनरल कोच पहले से ही यात्रियों से भरे रहते हैं। ऐसे में पटना जंक्शन पर चढ़ने वाले यात्रियों को कोच में प्रवेश करने तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। त्योहार के बाद जल्द से जल्द काम पर लौटने की मजबूरी के बीच यात्रियों की यह परेशानी और बढ़ गई है।

ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकते ही अफरातफरी जैसी स्थिति

बुधवार दोपहर कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (15713) अपने निर्धारित समय से 30 मिनट विलंब से प्लेटफार्म संख्या पांच पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही उतरने वाले यात्रियों के बीच से चढ़ने वाले यात्रियों ने कोच में जगह बनाने की कोशिश शुरू कर दी।

कुछ देर तक प्लेटफार्म पर अफरातफरी जैसी स्थिति बनी रही। उतरने और चढ़ने वाले यात्रियों के बीच रास्ता बनाने में भी मशक्कत करनी पड़ी।

वापसी में पटना-कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस (15714) निर्धारित समय से 17 मिनट विलंब से दोपहर 2:27 बजे पटना जंक्शन से रवाना हुई।

इस दौरान ट्रेन का इंजन भी दूसरी दिशा में बदला गया। ट्रेनों के आने-जाने के साथ प्लेटफार्म पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बनी रही।

अस्थायी टिकट काउंटरों पर UPI से भुगतान की सुविधा शुरू

यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने टिकट व्यवस्था में भी अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। जंक्शन पर कुल 22 अनारक्षित टिकट काउंटर हैं और सभी कार्यरत हैं।

इनके अलावा चार अस्थायी टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं। इन अस्थायी काउंटरों पर बुधवार से यूपीआइ के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है।

जंक्शन के दोनों छोर पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, ताकि यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित किया जा सके।

फुटओवरब्रिज पर रुकने की मनाही

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फुटओवरब्रिज पर यात्रियों को रुकने नहीं दिया जा रहा है। आरपीएफ की टीम लगातार माइकिंग कर यात्रियों को फुटओवरब्रिज खाली रखने की अपील करती रही।

यात्रियों को वहां से आगे बढ़ने और प्लेटफार्म पर अनावश्यक रूप से भीड़ नहीं लगाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्म टिकट की बिक्री भी 26 नवंबर तक बंद कर दी गई है, ताकि गैर-यात्री प्लेटफार्म पर नहीं पहुंचें।

10 में दो एस्केलेटर खराब, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

यात्रियों की सुविधा के लिए पटना जंक्शन पर कुल 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से दो फिलहाल खराब हैं। प्लेटफार्म संख्या 10 पर उतरने वाला एस्केलेटर पिछले चार महीने से बंद है।

वहीं, महावीर मंदिर की ओर मुख्य प्रवेश द्वार से फुटओवरब्रिज पर चढ़ने वाला एक एस्केलेटर मंगलवार दोपहर दो बजे से खराब है।

यात्रियों की बढ़ी संख्या के बीच एस्केलेटर बंद रहने से खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार में बुलेट ट्रेन और नए ट्रैक पर चर्चा, DRM ने नवगछिया स्टेशन का किया निरीक्षण 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।