पटना हाई कोर्ट का फैसला: बिल्डर की धोखाधड़ी पर खरीदार को 9% ब्याज सहित 3 महीने में लौटाने होंगे पूरे पैसे
पटना हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि फ्लैट की रजिस्ट्री या सेल डीड होने मात्र से बिल्डर और खरीदार के बीच उपभोक्ता संबंध समाप्त नहीं होता, खासकर यदि बिल्डर शांतिपूर्ण कब्जा देने में विफल रहे।

पटना हाई कोर्ट का फैसला। (फाइल फोटो)
HighLights
सेल डीड से उपभोक्ता संबंध खत्म नहीं होता।
बिल्डर को 9% ब्याज सहित राशि लौटानी होगी।
एक ही फ्लैट दो बार बेचने पर कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना हाईकोर्ट ने अपने महत्वपूर्ण फैसले से स्पष्ट किया है कि फ्लैट की रजिस्ट्री में सेल डीड हो जाने मात्र से बिल्डर और खरीदार के बीच उपभोक्ता एवं सेवा प्रदाता का संबंध समाप्त नहीं हो जाता।
यदि बिल्डर खरीदार को फ्लैट का शांतिपूर्ण और निर्विवाद कब्जा देने में विफल रहता है तो यह सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार है। कोर्ट ने बिल्डर को फ्लैट की पूरी बिक्री राशि नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ तीन महीने के भीतर लौटाने का निर्देश दिया है।
न्यायाधीश आलोक कुमार की एकलपीठ ने डॉ. अभय कुमार एवं डॉ. अमृता प्रवी की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के 31 जनवरी 2024 के आदेश को निरस्त कर दिया।
आयोग ने खरीदारों की अपील और मूल उपभोक्ता शिकायत को सुनवाई योग्य नहीं मानते हुए खारिज कर दिया था।
क्या है मामला ?
मामले के अनुसार, याचिकाकर्ताओं ने 3 अक्टूबर 2012 को पटना के कंकड़बाग स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या 501-ए खरीदा था। इसके लिए 28.40 लाख रुपये का बैंक ऋण लेकर बिल्डर को भुगतान किया गया था।
बाद में पता चला कि बिल्डर ने उक्त फ्लैट के संबंध में 5 मार्च 2011 को ही अंजनी कुमार सिन्हा के साथ बिक्री का एकरारनामा कर रखा था। इस तथ्य को छिपाकर बिल्डर ने वही फ्लैट याचिकाकर्ताओं को बेच दिया।
इसके कारण खरीदारों को आज तक शांतिपूर्ण और निर्विवाद कब्जा नहीं मिल सका। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के अरिफुर रहमान खान और टीकेए पद्मनाभन मामलों में दिए गए फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि रजिस्ट्री हो जाने या बाद में कब्जा मिल जाने से भी खरीदार का मुआवजा मांगने का अधिकार समाप्त नहीं होता।
खरीदार को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अनिश्चितकाल तक रजिस्ट्री टालने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने कहा कि एक ही फ्लैट के संबंध में पहले किसी अन्य व्यक्ति के पक्ष में एकरारनामा करना और बाद में इसकी जानकारी छिपाकर दूसरे खरीदार के नाम बिक्री विलेख निष्पादित करना सेवा में कमी तथा अनुचित व्यापार व्यवहार है।
अदालत ने बिल्डर को पूरी बिक्री राशि नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ तीन महीने में लौटाने का निर्देश दिया। खरीदार इस राशि से संबंधित वित्तीय संस्थान का बकाया ऋण चुकाएंगे।
राशि मिलने के बाद उनका फ्लैट पर अधिकार समाप्त हो जाएगा और बिल्डर कानून के अनुसार सक्षम न्यायालय में बिक्री विलेख रद कराने की कार्रवाई कर सकेगा।
यह भी पढ़ें- 'अतिक्रमण बताकर मनमाने ढंग से नहीं तोड़ सकते किसी का घर', बुलडोजर एक्शन पर पटना हाई कोर्ट का फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।