पटना को 27 नई PM ई-बसों की सौगात, हाजीपुर से बिहटा तक सफर हुआ आसान; महिलाओं के लिए चलेंगी 8 पिंक बसें
पटना और आसपास के इलाकों में 27 नई पीएम ई-बसें मिलने से कुल संख्या 52 हो गई है। ये बसें ...और पढ़ें

पटना में पीएम ई-बसों का बेड़ा 52 हुआ, मनेर जानीपुर हाजीपुर सहित कई नए रूटों पर मिलेगी सुविधा (AI Generated Image)
HighLights
पटना को मिलीं 27 नई पीएम ई-बसें, संख्या 52 हुई।
मनेर, जानीपुर, हाजीपुर जैसे कई नए रूटों पर परिचालन।
महिलाओं के लिए 8 पिंक बसें भी बेड़े में शामिल।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए 27 नई पीएम ई-बसें मिल गई हैं। इसके साथ ही पटना और आसपास के क्षेत्रों में पीएम ई-बसों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, नई बसों का परिचालन पटना शहर के साथ आसपास के कस्बों और शहरों के लिए भी किया जाएगा।
इनमें मनेर, जानीपुर, हाजीपुर, नौबतपुर, जंदाहा, बिक्रम और जगनपुरा आईएसबीटी जैसे रूट शामिल हैं।
नई बसों के परिचालन से इन इलाकों में आने-जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। सभी बसें वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
बिहटा-अम्हारा और दानापुर-शिवाला रूट पर भी चलेंगी बसें
निगम की ओर से तय रूट चार्ट के अनुसार, बिहटा-अम्हारा, दानापुर-शिवाला और जानीपुर रूट पर 10-10 बसें चलाने की योजना है। पालीगंज के लिए चार बसें निर्धारित की गई हैं।
वहीं, नौबतपुर, मनेर, हाजीपुर-जंदाहा, जगनपुरा आईएसबीटी और बिक्रम रूट पर दो-दो बसों का परिचालन किया जाएगा।
पीएम ई-बसों के बेड़े में आठ पिंक बसें भी शामिल हैं। महिलाओं के लिए निर्धारित इन बसों में से दो कारगिल चौक से पालीगंज, तीन दानापुर-शिवाला और तीन जानीपुर रूट पर चलेंगी।
बिहार को मिलेंगी 400 इलेक्ट्रिक बसें
केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को कुल 400 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं। इनमें से 150 बसें पटना के लिए निर्धारित हैं।
इसके अलावा गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया को 50-50 बसें आवंटित की जानी हैं। योजना के तहत बसों की उपलब्धता बढ़ने से राज्य के प्रमुख शहरों में सार्वजनिक परिवहन का विस्तार होगा।
यह भी पढ़ें- भागलपुर स्टेशन से बियाडा घाट के लिए चलेंगी 6 पिंक बसें, विक्रमशिला सेतु संकट के बीच मिलेगी राहत
यह भी पढ़ें- पटना-जहानाबाद-हुलासगंज के बीच पिंक बस सेवा शुरू, चेक करें रूट और किराया
