विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर स्टेशन से बियाडा घाट के लिए चलेंगी 6 पिंक बसें, विक्रमशिला सेतु संकट के बीच मिलेगी राहत

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:32 PM (IST)

विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित हुई परिवहन व्यवस्था को देखते हुए, जिला प्रशासन ने बियाडा घाट से भागलपुर ...और पढ़ें

पिंक बस सेवा। (फाइल फोटो)

पिंक बस सेवा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. विक्रमशिला सेतु क्षति के बाद पिंक बस सेवा की फिर से शुरुआत।

  2. बियाडा घाट से भागलपुर स्टेशन तक यात्रियों को मिलेगी सीधी सुविधा।

  3. पुरुष और महिला दोनों यात्री 20 रुपये में कर सकेंगे सफर।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित हुई पिंक बस सेवा को अब जिला प्रशासन ने संजीवनी देने की पहल की है।

शनिवार से बियाडा घाट से भागलपुर स्टेशन के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए पिंक बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, भागलपुर और जिला प्रशासन के स्तर से यह निर्णय लिया गया है।

इससे बियाडा घाट से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, विक्रमशिला सेतु पर आवागमन प्रभावित होने के बाद बियाडा घाट से स्टेशन तक पहुंचने के लिए आटो और टोटो पर निर्भरता बढ़ गई थी।

यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतें सामने आने के बाद निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी से मिलकर पिंक बसों के परिचालन का प्रस्ताव रखा।

जिसके बाद जिलाधिकारी अलंकृता पांडे से इसकी अनुमति मिलने के बाद सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार पांडेय ने बताया कि पिंक बस बियाडा घाट से चलकर हाउसिंग बोर्ड चौक और माउंट कार्मल होते हुए तिलकामांझी पहुंचेगी।

इसके बाद तिलकामांझी से नगर निगम चौक, कचहरी चौक और घंटाघर चौक होते हुए भागलपुर स्टेशन तक जाएगी। वापसी में भी इसी मार्ग से बसों का परिचालन किया जाएगा। इससे घाट से शहर के प्रमुख हिस्सों तक आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

छह पिंक बसों से सेवा शुरू होगी

क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि फिलहाल छह पिंक बसों से सेवा शुरू की जाएगी। बसों में पुरुष और महिला दोनों यात्री सफर कर सकेंगे। सुबह पांच बजे से बसों का परिचालन शुरू होगा और यात्रियों की उपलब्धता रहने तक सेवा जारी रहेगी।

आवश्यकता के अनुसार आगे बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बियाडा घाट से भागलपुर स्टेशन तक का किराया 20 रुपये निर्धारित किया गया है।

वहीं, बियाडा घाट से तिलकामांझी तक जाने के लिए यात्रियों को 10 रुपये किराया देना होगा। कम किराये में नियमित बस सेवा शुरू होने से आटो-टोटो के मनमाने किराये से परेशान यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- विक्रमशिला पुल बंदी के बीच गंगा जहाज सेवा पर नया नियम; शाम 5:30 बजे तक ही परिचालन, भागलपुर बियाडा घाट पर हंगामा