पटना-जहानाबाद-हुलासगंज के बीच पिंक बस सेवा शुरू, चेक करें रूट और किराया
पटना-जहानाबाद-हुलासगंज मार्ग पर महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा प्रदान करना है।

पटना-जहानाबाद-हुलासगंज के बीच पिंक बस सेवा शुरू
HighLights
महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए पिंक बस सेवा का शुभारंभ।
पटना-जहानाबाद-हुलासगंज मार्ग पर नियमित रूप से चलेगी यह विशेष बस सेवा।
मोबाइल चार्जिंग, महिला कंडक्टर, यूपीआई भुगतान जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। महिलाओं की सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक यात्रा की दिशा में सोमवार को नई पहल शुरू हुई। जहानाबाद समाहरणालय परिसर से पिंक बस सेवा का शुभारंभ किया गया।
सांसद सुरेंद्र प्रसाद, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार समेत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की यह बस पटना-जहानाबाद-हुलासगंज मार्ग पर नियमित रूप से चलेगी। पिंक बस सेवा का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से विशेष रूप से छात्राओं एवं महिला यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
महिलाओं की सुरक्षित राह का खुला नया रास्ता
खासतौर पर हुलासगंज स्थित इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ने वाली छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखकर बस सेवा शुरू की गई है। इससे छात्राओं के साथ पटना, जहानाबाद और हुलासगंज के बीच यात्रा करने वाली अन्य महिला यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
पिंक बस को महिला यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सुविधाओं से लैस किया गया है। प्रत्येक सीट के समीप मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, यात्रियों की सहायता एवं टिकटिंग के लिए महिला कंडक्टर तथा यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। बस के रवाना होते ही छात्राओं में खासा उत्साह दिखा।
उन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन मिलने से पढ़ाई और आवागमन दोनों में सहूलियत होगी। छात्राओं ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार भी जताया।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता निपुन कुमारी, मोटरयान निरीक्षक ब्रजकिशोर कुमार समेत कई अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा एवं अजय कुमार देव समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
कितना देना होगा किराया?
- पटना वाया जहानाबाद से हुलासगंज- 155 रुपये
- पटना से जहानाबाद- 120 रुपये
- जहानाबाद से हुलासगंज- 35 रुपये
रूट निर्धारण
पटना के कारगिल चौक से बस चलेगी, जो डाकबंगला चौक, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कुम्हरार, धनकी मोड़, पटना जीरोमाइल, संपतचक, बेलदारी चक, पभेरी, धनरूआ, कोल्हाचक, मसौढ़ी, जहानाबाद, घोसी, डाइट कॉलेज ढोंगरा होते हुए हुलासगंज प्रखंड मुख्यालय तक जाएगी।
समय निर्धारण
- पटना के कारगिल चौक से प्रस्थान- सुबह 7:15 बजे
- जहानाबाद से प्रस्थान- 9:16 बजे
- हुलासगंज पहुंचने का समय- 9:52 बजे
- हुलासगंज से प्रस्थान- शाम 5:00 बजे
- पटना पहुंचने का समय- शाम 7:37 बजे
यह भी पढ़ें- पटना से हुलासगंज चलेगी AC पिंक बस, सिर्फ महिलाएं करेंगी सफर; चेक करें किराया
