विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना से हुलासगंज चलेगी AC पिंक बस, सिर्फ महिलाएं करेंगी सफर; चेक करें किराया

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:31 PM (IST)

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम पटना से हुलासगंज के बीच महिलाओं के लिए एसी पिंक बस सेवा शुरू कर रहा ...और पढ़ें

पटना से हुलासगंज के लिए विशेष एसी पिंक बस सेवा शुरू, महिलाओं को मिलेगी सुरक्षित यात्रा

पटना से हुलासगंज के लिए विशेष एसी पिंक बस सेवा शुरू, महिलाओं को मिलेगी सुरक्षित यात्रा

HighLights

  1. पटना से हुलासगंज के बीच एसी पिंक बस सेवा शुरू।

  2. यह बस सेवा केवल महिलाओं के लिए उपलब्ध होगी।

  3. 21 सितंबर से परिचालन, किराया 155 रुपये निर्धारित।

जागरण संवाददाता, पटना। महिलाओं को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) पिंक बस सेवा का विस्तार करने जा रहा है। अब राजधानी पटना से आसपास के शहरों तक भी पिंक बसों का परिचालन होगा।

इसी कड़ी में पटना से जहानाबाद के हुलासगंज के बीच सीधी एसी पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी। इस बस में सिर्फ महिलाएं ही सफर कर सकेंगी।

निगम के अनुसार, 21 सितंबर से पटना-हुलासगंज रूट पर एक एसी पिंक बस का नियमित परिचालन शुरू होगा। प्रस्तावित रूट का ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। बस पटना के गांधी मैदान से खुलेगी और निर्धारित स्टॉपेज के रास्ते हुलासगंज पहुंचेगी।

मांग बढ़ी तो बसों की संख्या भी बढ़ेगी

शुरुआती चरण में इस रूट पर एक एसी पिंक बस चलाई जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की मांग और सेवा की उपयोगिता को देखते हुए भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

इस सेवा से पटना से मसौढ़ी, जहानाबाद और हुलासगंज की ओर नियमित रूप से आने-जाने वाली महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा।

खासकर रोजाना पढ़ाई या नौकरी के सिलसिले में पटना और आसपास के क्षेत्रों के बीच सफर करने वाली महिलाओं के लिए यह सेवा उपयोगी होगी। एसी बस होने के कारण लंबी दूरी की यात्रा में भी यात्रियों को अपेक्षाकृत आरामदायक सफर मिल सकेगा।

पटना से हुलासगंज तक 155 रुपये किराया

बीएसआरटीसी ने इस रूट के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया है। पटना से हुलासगंज तक की यात्रा के लिए 155 रुपये देने होंगे। बीच के स्टॉपेज के लिए किराया दूरी के अनुसार तय किया गया है।

निगम का कहना है कि पिंक बस सेवा के विस्तार का उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराना है। पटना से हुलासगंज के बीच सेवा शुरू होने के बाद इस कॉरिडोर पर महिलाओं के लिए सीधे एसी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी।

स्टॉपेज किराया
पटना 155 रुपये तक
जीरो माइल 25 रुपये
आईएसबीटी 30 रुपये
संपतचक 40 रुपये
बेलदारीचक 61 रुपये
बीर 71 रुपये
धनरुआ 82 रुपये
कोल्हाचक 91 रुपये
मसौढ़ी 104 रुपये
जहानाबाद 120 रुपये
हुलासगंज 155 रुपये

यह भी पढ़ें- आरा में पिंक बस सेवा का विस्तार, पीरो और जगदीशपुर की महिलाओं का सफर हुआ आसान

यह भी पढ़ें- भागलपुर में BSRTC की पोल खुली: पिंक बस में खुलेआम सफर कर रहे पुरुष, ड्राइवर बोला- ये दोनों के लिए है