पटना में गहराया गैस सिलिंडर संकट! डिलीवरी में लग रहे 10-14 दिन, कंपनियों के साप्ताहिक बंदी से बैकलाग 1.98 लाख पार
पटना में गैस सिलिंडर का संकट गहरा गया है, जिससे डिलीवरी में 10-14 दिन लग रहे हैं और बैकलॉग 1.98 लाख तक पहुंच गया है। एजेंसियों की साप्ताहिक बंदी, होटलों द्वारा घरेलू सिलिंडर का अवैध उपयोग और अवैध रिफिलिंग इसके मुख्य कारण हैं, जिस पर प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
-1776594840485_v-1780024196279_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में फिर गैस सिलिंडर का संकट गहराने लगा है। 25 दिन बाद दूसरे की बुकिंग कराने के पांच से छह दिन बाद नहीं, बल्कि दस से 14 दिन बाद सिलिंडर घर पहुंच रहा है। पहला मैसेज अब भी सात दिन का आता है लेकिन सिलिंडर आपूर्ति की तिथि पास आते ही अगले सात दिन का संदेश आ जाता है।
दूसरी ओर गुरुवार को बैकलाग बढ़कर एक लाख 98 हजार 15 हो गया है। एडीएम आपूर्ति आरके दिवाकर के अनुसार गुरुवार को हुई बैठक में गैस एजेंसी संचालकों ने इससे इन्कार किया है। उनका कहना है कि किसी एकाध एजेंसी में मांग-आपूर्ति में अंतर बढ़ने से ऐसा हो सकता है।
उनके अनुसार गैस एजेंसियां साप्ताहिक अवकाश रविवार के दिन गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं करती है पर औसतन 20 हजार से अधिक उपभोक्ता उस दिन भी बुकिंग कराते हैं। यह बैकलाग बढ़ने का बड़ा कारण है।
एडीएम आपूर्ति आरके दिवाकर ने इस पर गैस एजेंसियों से रविवार के बदले अन्य दिनों में सिलिंडर आपूर्ति बढ़ाने का आग्रह किया है। पटेल नगर स्थित आरबी गैस एजेंसी से इस बीच उपभोक्ताओं को डिलिवरी तिथि सात दिन तक बढ़ाने का संदेश भेजा गया है।
एक उपभोक्ता ने बताया कि पहले उनके पास 20 मई तक सिलिंडर आपूर्ति करने का संदेश आया था और बाद में 27 मई तक का संदेश आ गया। वहीं दूसरे उपभोक्ता ने बताया कि उन्हें 11वें दिन सिलिंडर भेजा गया।
होटल व रिफलिंग करने वालों का धंधा जोरों पर
सरकार ने कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में भारी इजाफा करने के साथ इसकी राशनिंग की भी व्यवस्था की है। बावजूद इसके राजधानी के अधिसंख्य होटल-रेस्तरां अब कोयले की जगह ढककर रखे घरेलू सिलिंडर का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं।
इसका कारण दोनों की कीमतों में अंतर भी है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत करीब 2,400 रुपये होने के कारण कई व्यवसायी 14.2 किलोग्राम के दो घरेलू सिलिंडर लगभग 3,000 रुपये में लेकर मुनाफे का सौदा कर रहे हैं। वहीं, मोहल्लों में पांच किलोग्राम वाले छोटे सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग भी तेजी से बढ़ गई है, जहां प्रति किलोग्राम 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार हर दिन दो हजार बढ़ रहा बैकलाग
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में औसतन 30,359 घरेलू सिलिंडरों की जरूरत है, जबकि केवल 28,221 सिलिंडरों की आपूर्ति हो रही है। इस कारण बैकलाग बढ़कर 1,98,015 तक पहुंच गया है।
जिले की 136 गैस एजेंसियों में से 12 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। फतुहा बॉटलिंग प्लांट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
तीन माह में 28 धावादल ने की 29 प्राथमिकी
कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने 28 धावादल गठित किए हैं, जो लगातार गैस एजेंसियों, होटल-रेस्तरां और अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। गुरुवार को 7 एजेंसियों समेत 22 स्थानों का निरीक्षण किया गया।
अब तक 2,216 जगहों की जांच में 201 सिलिंडर जब्त किए गए हैं और 29 मामलों में प्राथमिकी कराई गई है। बावजूद इसके आपूर्ति में सुधार नहीं दिख रहा।
यह भी पढ़ें- बिहार में अब छोटू सिलिंडर के लिए एजेंसी में नहीं लगानी पड़ेगी लाइन, ऑनलाइन गैस बुक कर सकेंगे उपभोक्ता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।