पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में सीट के लिए धक्का-मुक्की, 200 से अधिक यात्रियों को नहीं मिली जगह
पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में सीट के लिए भारी मारामारी देखी गई, शुक्रवार को 200 से अधिक यात्रियों को जगह नहीं मिली।

ट्रेन में सीट के लिए मारामारी। (जागरण)
HighLights
पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में सीट के लिए यात्रियों में हुई भारी धक्का-मुक्की।
200 से अधिक यात्री बिना सीट के रह गए, भीड़ अनियंत्रित।
यात्रियों ने प्रतिदिन ट्रेन सेवा और अतिरिक्त कोच की मांग की।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना से केरल के एर्नाकुलम जाने वाली 22644 पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में सफर शुरू करने से पहले ही यात्रियों को सीट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचते ही जनरल बोगी में सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
स्थिति ऐसी हो गई कि जनरल बोगी में चढ़ने और बैठने को लेकर यात्रियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। 200 से अधिक यात्रियों को बोगी में जगह नहीं मिली।
भीड़ को नियंत्रित करने में आरपीएफ के जवानों के पसीने छूट गए। चार जनरल कोच से साथ चलने वाली इस ट्रेन से जाने के लिए एक हजार से अधिक यात्री पहुंच गए। पहले ट्रेन में चढ़ने उसके बाद बैठने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
दरअसल, पटना से एर्नाकुलम के बीच चलने वाली यह ट्रेन सप्ताह में महज दो दिन गुरुवार और शुक्रवार को ही उपलब्ध है। ऐसे में केरल जाने वाले यात्रियों का दबाव दोनों दिन इस ट्रेन पर रहता है।
करीब 50 घंटे की लंबी यात्रा के बावजूद जनरल बोगी में सीट पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
ट्रेन के पहुंचते ही प्लेटफार्म पर पहले से इंतजार कर रहे यात्री दरवाजों की ओर दौड़ पड़े। कई यात्री सामान लेकर बोगी के दरवाजे पर ही फंसे रहे। ट्रेन पहुंचते ही लोग खिड़की के सहारे अंदर घुसने लगे। इस ट्रेन में छह जनवरी तक टिकट उपलब्ध नहीं हैं। पूरे साल इस ट्रेन में भीड़ बनी रहती है।
प्रतिदिन ट्रेन चले तो कामगारों को मिलेगी राहत
यात्रियों ने बताया कि बड़ी संख्या में राज्य के कामगार केरल की फैक्ट्रियों और दूसरे औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने जाते हैं। उनके लिए यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा का प्रमुख साधन है।
सीमित फेरों और यात्रियों की अधिक संख्या के कारण हर बार सीट को लेकर ऐसी स्थिति बन रही है। यात्रियों का कहना है कि जब पूरे साल इस ट्रेन में इतनी भीड़ रहती है तो इसे सप्ताह में दो दिन चलाने का औचित्य समझ से परे है।
पटना से एर्नाकुलम के बीच प्रतिदिन ट्रेन चलाने के साथ अतिरिक्त ट्रेन शुरू करने की जरूरत है। इससे केरल जाने वाले कामगारों को राहत मिलेगी और जनरल बोगी में चढ़ने के लिए होने वाली धक्का-मुक्की पर भी अंकुश लगेगा।
यात्रियों ने रेलवे से इस रूट पर यात्री दबाव के अनुरूप ट्रेनों की संख्या और सामान्य श्रेणी के कोच बढ़ाने की मांग की है। एर्नाकुलम को केरल की की वाणिज्यिक राजधानी कहा जाता है।
यह भी पढ़ें- कोहरे में दिसंबर से फरवरी तक ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, गया-कामाख्या एक्सप्रेस रद, 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह बंद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।