विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोहरे में दिसंबर से फरवरी तक ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, गया-कामाख्या एक्सप्रेस रद, 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह बंद

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:49 PM (IST)

Train Cancellations: रेलवे ने कोहरे के कारण दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है, जिसमें गया-कामाख्या एक्सप्रेस सहित 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद की गई हैं। 

गया-कामाख्या एक्सप्रेस तीन माह तक नहीं चलेगी

गया-कामाख्या एक्सप्रेस तीन माह तक नहीं चलेगी

HighLights

  1. दिसंबर से फरवरी 2027 तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

  2. गया-कामाख्या एक्सप्रेस सहित 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद्द।

  3. कई ट्रेनों के फेरे घटाए गए, यात्रियों को योजना बनानी होगी।

जागरण संवाददाता, गयाजी। सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कई ट्रेनों को पूरी तरह रद किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के फेरे घटाए गए हैं। इसका सीधा असर गया जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा।

गया-कामाख्या एक्सप्रेस का परिचालन इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, गया होकर गुजरने वाली बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस, आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ और अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस के परिचालन के दिनों में भी कटौती की गई है।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। रेलवे के अनुसार, कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों को दिसंबर से फरवरी तक अपनी यात्रा की योजना ट्रेनों के संशोधित परिचालन दिवस के अनुसार बनानी होगी।

गया-कामाख्या एक्सप्रेस तीन माह तक नहीं चलेगी

गया से पूर्वोत्तर भारत जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण 15620 कामाख्या-गया एक्सप्रेस सात दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक रद रहेगी। इसी तरह 15619 गया-कामाख्या एक्सप्रेस आठ दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी।

इससे गया और कामाख्या के बीच नियमित रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। खासकर पूर्वोत्तर भारत जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ेगा।

गरीब रथ सप्ताह में एक दिन रहेगी रद

22406 आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस दो दिसंबर से 24 फरवरी तक प्रत्येक बुधवार को रद रहेगी। वापसी में 22405 भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ तीन दिसंबर से 25 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार को नहीं चलेगी।

वहीं, 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस तीन दिसंबर से 25 फरवरी तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को रद रहेगी। वापसी में 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस चार दिसंबर से 26 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी।

अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस के भी घटाए गए फेरे

गया होकर चलने वाली 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस एक दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रद रहेगी। वापसी में 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस दो दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को नहीं चलेगी।

इस बदलाव का असर गया से राजस्थान और कोलकाता की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रियों को सप्ताह के निर्धारित दिनों के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।

20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद, कई के परिचालन दिन घटे

रेलवे ने कोहरे के कारण 20 जोड़ी ट्रेनों को अलग-अलग अवधि में पूरी तरह रद करने का निर्णय लिया है। इनमें प्रयागराज-मुजफ्फरपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई-कोलकाता, सांतरागाछी-आनंद विहार, मालदा टाउन-नई दिल्ली, बरौनी-अंबाला, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर, डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ और हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा पाटलिपुत्र-लखनऊ, पाटलिपुत्र-गोरखपुर, त्रिवेणी, नार्थ ईस्ट, सिक्किम महानंदा, अवध-असम, न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार और कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस के परिचालन के दिनों में भी कमी की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

चंबल एक्सप्रेस आगरा कैंट-मथुरा के बीच भी रहेगी प्रभावित

वहीं, हावड़ा-मथुरा चंबल एक्सप्रेस चार दिसंबर से 26 फरवरी तक आगरा कैंट और मथुरा के बीच रद रहेगी। वापसी में मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस सात दिसंबर से 22 फरवरी तक मथुरा और आगरा कैंट के बीच नहीं चलेगी। रेलवे के इस फैसले से तीन महीने तक यात्रियों को ट्रेन की उपलब्धता के अनुसार यात्रा की योजना बनानी होगी।

टिकट बुक कराने से पहले परिचालन दिवस की लें जानकारी

कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में किए गए बदलाव का असर दिसंबर से फरवरी तक रेल यात्रियों पर पड़ेगा। खासकर गया-कामाख्या, गरीब रथ और अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों को टिकट बुक कराने से पहले ट्रेन के निर्धारित परिचालन दिवस की जानकारी लेना जरूरी होगा। रेलवे ने सुरक्षित परिचालन को देखते हुए यह फैसला लिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।