सावधान! मोबाइल पर भूलकर न शेयर करें ऐसा कंटेट, पटना साइबर पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार
पटना साइबर पुलिस ने बाल यौन शोषण सामग्री (CSEAM) रखने, बनाने और भेजने के आरोप में एक युवक जान कुमार को गिरफ्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पटना साइबर पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार।
बाल यौन शोषण सामग्री (CSEAM) रखने के आरोप में गिरफ्तारी।
आरोपित जान कुमार बहादुरपुर बाजार समिति से पकड़ाया।
जागरण संवाददाता, पटना। बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री (सीएसईएएम) चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज एंड एक्सप्लाइटेशन मटेरियल रखने, बनाने और भेजने के आरोप में साइबर थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी जान कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पटना के बहादुरपुर बाजार समिति इलाके में रह रहा था।
पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साइबर पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को हेल्पलाइन नंबर से संबंधित एक शिकायत मिली थी।
शिकायत के तकनीकी विश्लेषण के दौरान एक मोबाइल नंबर और दो ई-मेल आइडी सामने आईं। जांच में इनसे सीएसईएएम से जुड़ी सामग्री रखने, बनाने और भेजने की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर के ग्राहक आवेदन प्रपत्र (सीएएफ) और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर मोबाइल नंबर धारक की पहचान जान कुमार के रूप में हुई।
पुलिस को देखकर भागने लगा, पीछा कर पकड़ा
पहचान सामने आने के बाद साइबर थाने की टीम ने बहादुरपुर बाजार समिति इलाके में आरोपित की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम ज्योतिनगर कालोनी रोड नंबर एक स्थित तीनमुहानी रोड पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जान कुमार बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन मिले। इसके बाद उसे साइबर थाने लाया गया।
पुलिस जब्त मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी के माध्यम से किस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
क्या है CSEAM?
सीएसईएएम का पूरा नाम चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज एंड एक्सप्लाइटेशन मटेरियल है। इसका मतलब बच्चों के यौन शोषण या यौन उत्पीड़न से संबंधित ऐसी सामग्री है, जिसमें फोटो, वीडियो या अन्य डिजिटल सामग्री शामिल हो सकती है। इसे रखना, बनाना या प्रसारित करना गंभीर अपराध है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।