छठ पर बदल गया पटना का ट्रैफिक प्लान, घाटों तक पहुंचने के लिए चेक करें नया रूट
पटना यातायात पुलिस ने छठ महापर्व के लिए विस्तृत Patna Traffic Plan जारी किया है, जिसमें वाहनों के परिचालन में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छठ महापर्व के लिए पटना में विशेष ट्रैफिक प्लान जारी।
15-16 नवंबर को प्रमुख मार्गों पर वाहन परिचालन प्रतिबंधित।
विभिन्न गंगा घाटों के लिए पार्किंग और प्रवेश मार्ग तय।
जागरण संवाददाता, पटना। छठ महापर्व पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली व्रतीओं की भीड़ को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
इसके तहत 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक और 16 नवंबर को सुबह दो से आठ बजे तक अथवा यातायात सामान्य होने तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव रहेगा।
अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से दीदारगंज तक सामान्य वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
छठव्रतियों के वाहनों को निर्धारित रास्तों से घाट के नजदीक तक जाने और तय स्थलों पर पार्किंग की अनुमति होगी। अग्निशमन, एंबुलेंस, मरीज और शव वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। व्रतियों से अपील की गई है कि वह घाट पर निकलने से पहले तय किए गए रास्ते और पार्किंग स्थल देखकर घर से निकले।
किस घाट पर कैसे पहुंचेंगे व्रती
1- दीघा, पाटीपुल, शिवा और मीनार घाट: इन घाटों पर जाने वाले व्रतियों के वाहन जेपी सेतु के एप्रोच पथ से रूपसपुर नहर रोड होकर पहुंचेंगे। पाटली पथ के दोनों फ्लैंक और रामजीचक आरओबी के ऊपर निर्धारित स्थलों पर वाहन पार्क होंगे।
अशोक राजपथ से अटल पथ के नीचे तथा दीघा पोस्ट आफिस रोड से आने वाले छठव्रतियों के वाहन सूर्य मंदिर चौहट्टा के पश्चिमी खाली स्थान, पाटीपुल अंडरपास तक रेलवे ब्रिज के नीचे खाली जगह तथा सूर्य मंदिर के पूर्वी खाली स्थान में पार्क कराए जाएंगे। वहां से व्रती पैदल घाट पहुंचेंगे।
2- गेट नंबर 93 (दीघा) घाट: इस घाट पर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन गेट नंबर 93 से प्रवेश और निकास करेंगे। गंगा पथ से सटे उत्तर और दक्षिण रास्तों के दोनों ओर पूर्व एवं पश्चिम दिशा में निर्धारित स्थलों पर पार्किंग होगी।
जेपी सेतु पूर्वी घाट पर आने वाले वाहन रेलवे ब्रिज के पूर्वी रास्ते से उतरकर दाहिने मुड़ेंगे और निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन लगाएंगे।
3- गेट नंबर 88 और 83 घाट: इन घाटों पर जाने वाले वाहन अशोक राजपथ से सीधे प्रवेश कर गंगा पथ के अंडरपास से पहुंचेंगे। पार्किंग गंगा पथ के उत्तर और दक्षिण में चिह्नित स्थलों पर होगी।
4- कुर्जी घाट: कुर्जी मोड़ से अंदर प्रवेश कर वाहन जेपी गंगा पथ के अंडरपास से उत्तर दिशा में निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाएंगे। वाहन पार्क करने के बाद व्रती पैदल घाट पहुंचेंगे।
5- पहलवान घाट और बांस घाट: इन दोनों घाटों पर जाने वाले वाहन अशोक राजपथ से उत्तर की ओर जेपी गंगा पथ अंडरपास से बने रास्ते से सीधे घाट की ओर पार्किंग स्थल तक जाएंगे। सड़क के दाएं और बाएं निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क होंगे।
6- कलेक्ट्रिएट घाट और महेंद्रू घाट: इन घाटों पर जाने वाले व्रती गांधी मैदान के अंदर वाहन पार्क करेंगे। वहां से पैदल घाट पहुंचेंगे।
7- पटना कॉलेज घाट: बारी पथ से अशोक राजपथ की ओर जाने वाले छठव्रतियों के वाहन केवल खजांची रोड से प्रवेश करेंगे। वाहन पटना कॉलेज मैदान में पार्क होंगे। वहां से व्रती पैदल घाट जाएंगे।
8- साइंस कॉलेज घाट: एनी बेसेंट रोड, रमना रोड और कुनकुन सिंह लेन से आने वाले व्रतिओं के वाहन साइंस कॉलेज परिसर में पार्क होंगे। यहां से छठ व्रती पैदल विभिन्न घाटों के लिए प्रस्थान करेंगे।
9- कंगन घाट और चौक थाना मोड़: इन घाटों पर जाने वाले छठव्रतियों के वाहन सिटी स्कूल के पास से सिटी स्कूल परिसर और मंगल तालाब परिसर में पार्क कराए जाएंगे। वहां से व्रती पैदल घाट पहुंचेंगे।
10- गायघाट: गायघाट जाने वाले छठव्रती वाहन पुरानी बाईपास अथवा न्यू बाईपास से सीधे धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर होकर जा सकेंगे।
वाहनों की पार्किंग हथिया बागान, लोहा गोदाम और मेडाज हास्पिटल के सामने निर्धारित स्थलों पर होगी। इस घाट के लिए जेपी गंगा पथ का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
11- पूरब मोर्चा रोड और पूरब दरवाजा के घाट: चौक शिकारपुर आरओबी से पूरब मोर्चा रोड और पूरब दरवाजा की ओर जाने वाले छठव्रतियों के वाहन गुरु गोविंद सिंह आरओबी के नीचे और पटना साहिब स्टेशन के पास पार्क होंगे। वहां से व्रती पैदल घाट पहुंचेंगे।
12- दीदारगंज घाट: दीदारगंज से अशोक राजपथ में केवल छठव्रतियों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। इन्हें कटरा बाजार समिति के प्रांगण में पार्क कराया जाएगा। वहां से व्रती पैदल घाट जाएंगे।
13- अदराघाट, नूरुद्दीन घाट, नंदगोला घाट, पानी टंकी घाट और नया टोला घाट: मारुफगंज, मंसूरगंज, करमलीचक, जल्ला और मालसलामी के स्थानीय छठव्रतियों के वाहन मालसलामी टीओपी और ओपी साह के पास जेपी गंगा पथ के एप्रोच रोड की सिंगल लेन में पार्क होंगे। वहां से व्रती पैदल संबंधित घाटों तक पहुंचेंगे।
रामजीचक आरओबी और पाटली पथ पर विशेष व्यवस्था
रामजीचक आरओबी के ऊपर से केवल छठव्रतियों के वाहनों को जेपी सेतु की ओर जाने की अनुमति होगी। इन वाहनों की पार्किंग आरओबी के ऊपर जेपी सेतु छोर पर कराई जाएगी।
रूपसपुर नहर रोड से जेपी सेतु जाने वाले सामान्य वाहन आरओबी के ऊपर नहीं चढ़ेंगे, बल्कि नीचे से जाएंगे। दीघा (रामजीचक) और अशोक राजपथ से जेपी सेतु आने वाले व्रतीओं के वाहनों को पाटली पथ के उत्तरी छोर के पास यू-टर्न कराकर पाटली पथ के ऊपर पार्क कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार अटल पथ के दोनों फ्लैंक की सिंगल लेन में भी घाट आने वाले वाहनों की पार्किंग कराई जा सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।