छठ पर भोजपुरी गीत गाकर वायरल हुई जापानी टीचर, महापर्व मनाने के लिए 2 महीने पहले से छोड़ा लहसुन-प्याज
जापान की शिक्षिका काना मियामुरा बिहार के अकबरपुर स्थित पिरौटा गांव में पूरे श्रद्धाभाव से छठ महापर्व मना रही हैं। ...और पढ़ें
HighLights
जापानी शिक्षिका काना मियामुरा मना रही हैं बिहार में छठ महापर्व।
दो महीने पहले से छोड़ा लहसुन-प्याज, गा रही हैं भोजपुरी छठ गीत।
भारत-जापान सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत कर रही यह अनूठी पहल।
संवाद सूत्र, अकबरपुर (नवादा)। भारतीय एवं बिहार की लोक आस्था और छठ महापर्व की परंपरा अब सात समंदर पार के लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
इसका अनूठा उदाहरण अकबरपुर प्रखंड के ऐतिहासिक पिरौटा गांव में देखने को मिल रहा है, जहां जापान की शिक्षिका काना मियामुरा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना रही हैं।
शनिवार को खरना के अवसर पर उन्होंने दिनभर उपवास रखा और शाम को पारंपरिक विधि-विधान से खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद खरना का प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान के अगले चरण की शुरुआत की।
पूरे विधि-विधान से किया छठ व्रत
काना मियामुरा इस व्रत की तैयारी पिछले दो महीने से कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने सात्विक भोजन अपनाते हुए लहसुन-प्याज का सेवन पूरी तरह छोड़ दिया था। छठ की परंपराओं को समझने के लिए उन्होंने इंटरनेट पर वीडियो देखकर कई महीनों तक पारंपरिक गीतों का अभ्यास भी किया।
अब वह भोजपुरी में 'पहिले-पहिले हम कइली छठी मैया व्रत तोहार' जैसे लोकप्रिय छठ गीत गाकर गांव की महिलाओं के साथ सुर मिला रही हैं। उनकी भोजपुरी सुनकर ग्रामीण भी काफी उत्साहित हैं।
रंजन कुमार के प्रयासों से मिली पर्व मनाने की प्रेरणा
काना पिछले वर्ष भारत भ्रमण पर आई थीं। दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर और नवग्रह मंदिर में सूर्य उपासना की परंपरा से प्रभावित होकर उन्होंने छठ व्रत करने का निर्णय लिया।
अकबरपुर के पिरौटा निवासी अधिवक्ता रंजन कुमार ने उन्हें बिहार के इस महापर्व की विशेषता बताई थी। फिलहाल वह रंजन कुमार की मां सोना देवी के साथ छठ पूजा कर रही हैं।
रंजन कुमार भारत-जापान के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और बिहार के ग्रामीण पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।
उनका मानना है कि विदेशी पर्यटकों की गांवों में भागीदारी से स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान मिलेगी। जापानी शिक्षिका की छठ में सहभागिता इसी प्रयास की एक मिसाल बन गई है।
पूरी तरह से भक्ति में लीन हैं जापानी शिक्षिका
जापानी शिक्षिका काना मियामुरा की मानें तो छठ महापर्व की पवित्रता और अनुशासन उन्हें बेहद आकर्षित करता है। उन्हें सनातन मंदिरों और इसकी संस्कृति से खास लगाव है। वह पहली बार बिहार आयी हैं।
लोक आस्था के महापर्व छठ को परंपरागत तरीके से कर रही हैं। वह छठ के सभी नियम को उसी तरह से कर रही हैं जैसे की एक सामान्य छठ व्रती पूजा पूजा के दौरान करती हैं। इसमें पिरौटा निवासी रंजन जी अनुवाद करके उन्हें बताते हैं।
रंजन ने बताया कि इस पर्व में सूर्य और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का अद्भुत भाव देखने को मिलता है। जापानी शिक्षिका को छठ करना काफी अच्छा लग रहा है। पिरौटा गांव स्थित तालाब छठ घाट पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। वह पूरी तरह से छठ पूजा में लीन होकर इस व्रत को कर रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।