बिहार में छठ पर महंगाई की मार, 40 रुपये प्रति पीस तक बिक रहा नीबू; कई राज्यों से पहुंच रहे महंगे फल
बेगूसराय में महापर्व छठ की छटा बिखरने लगी है, खरना के बाद व्रतियों का निर्जला उपवास शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो
HighLights
खरना अनुष्ठान संपन्न, व्रतियों का निर्जला उपवास प्रारंभ।
फलों की कीमतों में 10-15% की वृद्धि दर्ज।
घाटों की सफाई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ की छटा अब चारों ओर बिखरने लगी है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया।
शनिवार की शाम खरना अनुष्ठान संपन्न होने के बाद रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। घरों में ठेकुआ सहित अन्य पारंपरिक पकवान बनाने की तैयारी चल रही है।
खरना के बाद घरों में महिलाओं ने प्रसाद और पकवान बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली है, वहीं पुरुष फल, सब्जी, पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी में जुटे हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों के किनारे छठ सामग्री की छोटी-बड़ी दुकानें सज गई हैं। सुबह से ही दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे फल
छठ बाजार में देश के विभिन्न हिस्सों से फल और पूजन सामग्री मंगाई गई है। नागपुर और सूरत से संतरा, इलाहाबाद व उत्तर प्रदेश से अमरूद, सिलीगुड़ी और ओडिशा से सेव तथा कोलकाता से सूखे मेवे की आपूर्ति हो रही है।
दरभंगा से मखाना मंगाया जा रहा है। वहीं ईख, डाभ नींबू, हल्दी, मूली, सुथनी, अदरक, सिंघाड़ा, ओल और बताशा जैसे सामान स्थानीय बाजारों में उपलब्ध हैं।
सामान्य रही कीमतों में बढ़ोतरी
व्यवसायियों के अनुसार, इस वर्ष फलों और सब्जियों की कीमतों में पिछले साल की तुलना में करीब 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। हालांकि सूप और दउरा के दाम स्थिर हैं।
बाजार में सूप 50 से 70 रुपये, दउरा 150 से 250 रुपये, सेब 80 से 100 रुपये, शरीफा 150 से दो सौ रुपये, संतरा 60 से 80 रुपये और अमरूद 80 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
सिंघाड़ा 60 से 80 रुपये किलो उपलब्ध है। वहीं हल्दी का पौधा पांच से 10 रुपये, गन्ना 10 से 15 रुपये, अनानास 50 से 80 रुपये और डाभ नींबू 20 से 40 रुपये प्रति पीस बिक रहा है।
बाजार से लेकर घाटों तक दिख रही रौनक
खरीदारों की भारी भीड़ के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रही। रविवार की दोपहर बाद तक बाजार में चहल-पहल रहने की संभावना है। दूसरी ओर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों और नदियों के घाटों की सफाई का काम अंतिम चरण में है।
स्थानीय युवा घाटों की सजावट और रोशनी की व्यवस्था में जुटे हैं। व्रतियों के स्वागत के लिए घाटों को आकर्षक रूप देने की तैयारी चल रही है। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूरा वातावरण छठी मैया के भक्ति गीतों और लोक आस्था से सराबोर हो उठेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।