विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक की छत पर कृत्रिम गंगा, दूसरी का 70 की उम्र में व्रत; पटना में आस्था की दो अनूठी कहानियां

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:32 AM (IST)

पटना में छठ पूजा के प्रति गहरी आस्था की दो अनूठी कहानियाँ सामने आई हैं, जहाँ 81 वर्षीय डॉ. शांति ...और पढ़ें

डॉ. शांत‍ि एसबी स‍िंह व कांत‍ि देवी। जागरण

डॉ. शांत‍ि एसबी स‍िंह व कांत‍ि देवी। जागरण

HighLights

  1. डॉ. शांति ने छत पर कृत्रिम गंगा बनाकर छठ पूजा की।

  2. संतान प्राप्ति के बाद सूर्यदेव के प्रति आस्था और गहरी हुई।

  3. 70 वर्षीय कांति देवी परिवार की परंपरा निभाते हुए व्रत करेंगी।

सोनाली दुबे, पटना। Chhath Puja 2026: उम्र भले ही बढ़ जाए, लेकिन सूर्यदेव के प्रति श्रद्धा और छठ को लेकर उत्साह कम नहीं होता। किसी ने अपनी छत पर ही गंगा की धारा उतारकर अर्घ्य देने की व्यवस्था की। 

कोई 70 वर्ष की उम्र में भी उसी निष्ठा और उत्साह के साथ व्रत करने को तैयार है। राजेंद्र नगर की 81 वर्षीय डाॅ. शांति एसबी सिंह और गुरदौड़ मोड़ स्थित 70 वर्षीय कांति देवी की छठ से जुड़ी यादें इसी रूप को बयां करती हैं।

डाॅ. शांति एसबी सिंह के लिए छठ पर्व से जुड़ी अनमोल यादें हैं। बचपन में मायके के उत्साह और छिपकर प्रसाद खाने की एक प्यारी याद के साथ, उनका छठ से गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। 

वकील की सलाह पर शुरू की पूजा 

1966 में विवाह के बाद लगभग दस वर्षों तक संतान न होने पर, एक वकील की सलाह पर उन्होंने गंगा किनारे विधि-विधान से छठ पूजा की।

इसके बाद 1976 में बेटे (सूर्य विक्रम) और फिर बेटी (सुष्मिता) का जन्म हुआ, जिससे सूर्यदेव के प्रति उनकी आस्था और अधिक गहरी हो गई।

अपने घर में छठ के आयोजन को याद करते हुए वह बताती हैं कि उन्होंने अपनी छत पर ही कृत्रिम नदी और तालाब बनवाया था।

इसे गंगाजल से भरवाने के लिए गाड़ियों व टैंकर की मदद ली जाती थी। छत पर बनी कृत्रिम नदी में छठ की परंपरा अब भी जारी है। जिन लोगों की आस्था है, वे आज भी वहां पूरे श्रद्धाभाव से छठ पूजा करते हैं। 

15 वर्षों तक कष्टी देने के बाद उठाया छठ 

गुरदौड़ मोड़ निवासी 70 वर्षीय कांति देवी के लिए छठ परिवार से मिली परंपरा और संस्कारों का हिस्सा है। उनसे पहले उनकी सास छठ करती थीं और बाद में जेठानी ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया।

परिवार में छठ का माहौल देखकर उनके मन में भी इस पर्व से जुड़ने की इच्छा हुई।15 वर्षों तक कष्टी दी और उसके बाद विधिवत छठ करना शुरू किया।

इस बार भी कांति देवी पूरे उत्साह और निष्ठा के साथ छठ करने की तैयारी में हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके मन में सूर्यदेव के प्रति वही आस्था और समर्पण है। वह पूरे परिवार के साथ दीघा घाट जाएंगी और सूर्य को अर्घ्य देंगी।

यह भी पढ़ें- 55 साल से नहीं टूटी छठ की आस्था, 75 की उम्र में भी पूरे नियम से व्रत करती हैं वैशाली की शारदा देवी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।