विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

55 साल से नहीं टूटी छठ की आस्था, 75 की उम्र में भी पूरे नियम से व्रत करती हैं वैशाली की शारदा देवी

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:10 AM (IST)

Chhath Puja 2026: हाजीपुर की 75 वर्षीय शारदा देवी पिछले 55 सालों से छठ व्रत कर रही हैं, जो बढ़ती ...और पढ़ें

20 वर्ष की उम्र से छठ करती आ रहीं हैं शारदा देवी। फाइल

20 वर्ष की उम्र से छठ करती आ रहीं हैं शारदा देवी। फाइल

HighLights

  1. 75 वर्षीय शारदा देवी 55 वर्षों से कर रही हैं छठ व्रत।

  2. बदलते समय में भी छठ की आस्था और पवित्रता बरकरार।

  3. छठ अनुशासन, स्वच्छता, त्याग और पारिवारिक एकजुटता का प्रतीक।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। लोक आस्था का महापर्व छठ समय के साथ कई बदलावों का साक्षी बना है। जीवनशैली बदली, रहन-सहन बदला और बाजार में पूजा की सामग्री से लेकर फल-फूल तक की कीमतें काफी बढ़ गईं। 

लेकिन छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था और श्रद्धा आज भी वैसी ही बनी हुई है। इसकी मिसाल चौधरी मुबारक गली, हाजीपुर निवासी 75 वर्षीय शारदा देवी हैं, जो पिछले करीब 55 वर्षों से छठ व्रत करती आ रही हैं।

स्वर्गीय दीप नारायण भगत की पत्नी शारदा देवी चार बेटों और पांच बेटियों की मां हैं। उन्होंने करीब 20 वर्ष की उम्र से छठ व्रत करना शुरू किया था।

20 की उम्र में शुरू क‍िया था व्रत 

देखते ही देखते इस महापर्व से जुड़ते हुए उन्हें साढ़े पांच दशक से अधिक का समय बीत गया। उम्र के इस पड़ाव पर भी छठ के प्रति उनका उत्साह और विश्वास कम नहीं हुआ है।

शारदा देवी बताती हैं कि पहले के समय में छठ की तैयारी दीपावली से काफी पहले ही शुरू हो जाती थी। घरों में साफ-सफाई और लिपाई-पुताई का दौर चलता था।

महिलाएं कई दिन पहले से ही पूजा की तैयारियों में जुट जाती थीं। घरों में छठ के गीत गूंजने लगते थे। आसपास के लोगों के बीच भी पर्व को लेकर अलग ही उत्साह और उमंग देखने को मिलता था।

बाजारों में भी छठ की रौनक धीरे-धीरे बढ़ने लगती थी। बांस से बने सूप, दौरा और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के साथ ही पर्व का माहौल बनने लगता था।

उन्होंने कहा कि पहले छठ की तैयारी में घर-परिवार के सभी सदस्य मिलकर हाथ बंटाते थे। गेहूं धोने, सुखाने और पीसने से लेकर प्रसाद बनाने तक हर काम में विशेष सावधानी बरती जाती थी।

महंगाई बढ़ी लेकि‍न कम नहीं हुई आस्‍था 

व्रत के दौरान शुद्धता और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता था। छठ के पारंपरिक गीतों और सामूहिक तैयारियों से पूरा मोहल्ला भक्तिमय हो जाता था। लोग एक-दूसरे के घर जाकर पर्व की तैयारियों में सहयोग करते थे।

शारदा देवी का कहना है कि समय के साथ महंगाई काफी बढ़ गई है। फल, सब्जी, पूजन सामग्री और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें पहले की तुलना में बहुत अधिक हो गई हैं।

पहले दीपावली के पहले से ही छठ का उमंग और उत्साह दिखाई देने लगता था, लेकिन अब समय का पता ही नहीं चलता। पहले जैसी रौनक और सामूहिक उत्साह में कुछ कमी जरूर महसूस होती है।

हालांकि, उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि बदलते समय के बावजूद छठ व्रत की मूल परंपरा, विधि-विधान और पवित्रता में कोई कमी नहीं आई है।

नई पीढ़ी हो या पुरानी, लोग पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। उनके अनुसार, छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता, त्याग, पवित्रता और पारिवारिक एकजुटता का प्रतीक है। यही वजह है कि पीढ़ियां बदलने के बावजूद इस महापर्व की आस्था आज भी अटूट बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।