विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना पहुंचने वाली ट्रेनों का बिगड़ा Timetable, कहीं 26 घंटे की देरी तो कहीं 10 घंटे का इंतजार; जंक्शन पर मची अफरातफरी

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:51 PM (IST)

दीपावली और छठ के बाद पटना आने वाली ट्रेनें 26 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों ...और पढ़ें

कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का डर, बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का डर, बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

HighLights

  1. दीपावली-छठ के बाद पटना आने वाली ट्रेनें घंटों लेट।

  2. कई ट्रेनें 26 घंटे तक विलंब, यात्री परेशान।

  3. पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़, धक्का-मुक्की।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली और छठ के बाद रेल यात्रियों की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पटना आने वाली ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। दिल्ली, मुंबई, हावड़ा और सूरत से आने वाली कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को सफर पूरा करने के बाद भी मंजिल तक पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। दूसरी ओर पटना जंक्शन पर ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन रही है।

26 घंटे की देरी ने यात्रियों का बिगाड़ा पूरा प्लान

त्योहार के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी हुई है। इसी बीच लंबी दूरी की गाड़ियों की लेटलतीफी ने परेशानी और बढ़ा दी है। कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें 24 से 26 घंटे तक विलंब से चल रही हैं। नियमित एक्सप्रेस और प्रीमियम ट्रेनों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है।

सबसे ज्यादा प्रभावित ट्रेनों में 04052 हावड़ा स्पेशल फेयर स्पेशल 25 घंटे 59 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं, 04404 पटना जनसाधारण फेस्टिवल स्पेशल 25 घंटे 54 मिनट विलंब से पहुंच रही है।

इसके अलावा 04478 भागलपुर फेस्टिवल स्पेशल 24 घंटे 32 मिनट और 22362 राजेंद्र नगर टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 24 घंटे की देरी से संचालित हो रही है।

दिल्ली-मुंबई से आने वाली ट्रेनें भी घंटों लेट

ट्रेनों की लेटलतीफी का असर सिर्फ स्पेशल गाड़ियों तक सीमित नहीं है। मुंबई और दिल्ली से पटना आने वाली नियमित ट्रेनों की समय-सारिणी भी प्रभावित है।

मुंबई के सीएसएमटी से आने वाली 22360 पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस 9 घंटे 32 मिनट विलंब से चल रही है। मुंबई एलटीटी से आने वाली 12336 भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 8 घंटे 27 मिनट और सूरत से आने वाली 22947 भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 8 घंटे 49 मिनट की देरी से पहुंच रही है।

दिल्ली से आने वाली 04088 पटना स्पेशल 10 घंटे 41 मिनट और 04078 दरभंगा अमृत भारत छठ पूजा स्पेशल 9 घंटे 43 मिनट विलंब से चल रही है।

राजधानी और अमृत भारत एक्सप्रेस भी नहीं बचीं

लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों की स्थिति भी यात्रियों को राहत देने वाली नहीं है। राजधानी और अमृत भारत जैसी ट्रेनों के परिचालन पर भी देरी का असर पड़ा है।

15657 ब्रह्मपुत्र मेल 6 घंटे 46 मिनट, 22361 नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 5 घंटे 40 मिनट और 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस 5 घंटे 20 मिनट विलंब से चल रही है।

वहीं, कुंभ एक्सप्रेस 3 घंटे 55 मिनट, पटना स्पेशल 3 घंटे 43 मिनट और कोटा-पटना एक्सप्रेस 1 घंटे 13 मिनट की देरी से पहुंच रही है।

कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का डर, बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

ट्रेनों के घंटों लेट होने से यात्रियों की आगे की यात्रा भी प्रभावित हो रही है। कई लोगों को दूसरी ट्रेन पकड़नी होती है, लेकिन पहली ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का डर बना रहता है।

सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वाले परिवारों को हो रही है। उन्हें प्लेटफार्म पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। लगातार बदलते आगमन और प्रस्थान समय के कारण यात्रियों को यह समझने में भी परेशानी हो रही है कि उनकी ट्रेन कब पहुंचेगी।

पटना जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने के लिए धक्का-मुक्की

ट्रेनों की देरी का असर पटना जंक्शन के प्लेटफार्मों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव और यात्रियों की बढ़ती भीड़ से स्टेशन पर दबाव बढ़ गया है।

दूसरे प्रदेशों को जाने वाली ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच के दरवाजों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ट्रेन में पहले चढ़ने की कोशिश में धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन रही है।

परिवार और सामान के साथ सफर करने पहुंचे यात्रियों को कोच तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। भीड़ के बीच महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ गई है।

त्योहार के बाद भी राहत का इंतजार

दीपावली और छठ के बाद यात्रियों को उम्मीद थी कि धीरे-धीरे रेल परिचालन सामान्य हो जाएगा, लेकिन ट्रेनों की लंबी देरी ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। अब यात्रियों की नजर ट्रेनों के समय पर परिचालन और स्टेशन पर भीड़ कम होने पर टिकी है।

यह भी पढ़ें- छपरा से टाटा जाना हुआ आसान, रेलवे ने चलाई दो फेरे की स्पेशल ट्रेन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।