पटना में भाजपा-कांग्रेस के 'लट्ठ युद्ध' से हड़कंप, गाड़ियों को बनाया निशाना; पुलिस की भूमिका पर सवाल
पटना के सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें लाठी-डंडे चले और पथराव ...और पढ़ें
-1784735331954_m.webp)
सदाकत आश्रम के बार भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं मेें हिंसक झड़प। फोटो पीटीआई
HighLights
पटना के सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा-कांग्रेस में झड़प।
लाठी-डंडे चले, पथराव हुआ, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
पुलिस की भूमिका पर सवाल, अतिरिक्त बल पहुंचने पर काबू।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी पटना के सदाकत आश्रम के बाहर बुधवार को प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी हिंसक रूप ले गई और लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव भी हुआ। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लंबे समय तक मूकदर्शक बने रहे, जिससे उपद्रवियों का हौसला बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद तनाव तेजी से बढ़ा। कुछ ही देर में दोनों ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। झड़प के कारण सदाकत आश्रम से कुर्जी और राजापुर पुल की ओर जाने वाली सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। उपद्रव के दौरान कुर्जी से राजापुर पुल की ओर जा रहे कई निजी वाहनों को निशाना बनाया गया। पथराव में आधा दर्जन से अधिक कारों और दोपहिया वाहनों के शीशे टूट गए तथा उन्हें नुकसान पहुंचा। घटना की चपेट में आने से कुछ राहगीरों और वाहन सवारों को भी चोटें आईं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि झड़प और पथराव के दौरान पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े होकर स्थिति देखते रहे और समय पर हस्तक्षेप नहीं किया। यदि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की होती तो स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता था और वाहनों को नुकसान तथा लोगों के घायल होने की घटनाएं टाली जा सकती थीं।
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति पर काबू पाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हंगामे की चपेट में आया निजी अस्पताल, स्कूल में दहशत, बंद करने पड़े दरवाजे
सदाकत आश्रम के पास भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प का असर आसपास के संस्थानों पर भी पड़ा। हंगामे के दौरान उपद्रवियों ने क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पर भी पथराव किया गया। वहीं, समीप स्थित संत लबेदादास प्राथमिक विद्यालय, गोसांई टोला में उस समय कक्षाएं चल रही थीं।
दोनों पक्षों के बीच हो रहे पथराव के दौरान कई पत्थर विद्यालय परिसर तक पहुंच गए। इससे शिक्षक और छात्र-छात्राएं भयभीत हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल मुख्य गेट बंद कर दिया और सभी बच्चों को कक्षाओं के भीतर सुरक्षित रखा। काफी देर तक शिक्षक बच्चों को शांत कराते रहे। हंगामा शांत होने के बाद ही विद्यालय में सामान्य स्थिति बहाल हो सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।