विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाइक्स के चक्कर में सड़क पर स्टंट पड़ा भारी, पटना में एक युवक पर केस दर्ज; लाइसेंस होगा रद

Published: Sat, 17 Oct 2026 10:12 AM (IST)

इंटरनेट मीडिया पर लाइक्स के लिए जेपी गंगा पथ पर खतरनाक बाइक स्टंट करना युवक अभि सिंह को महंगा पड़ा।

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. जेपी गंगा पथ पर खतरनाक बाइक स्टंट।

  2. अभि सिंह पर यातायात पुलिस ने केस किया।

  3. ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू।

जागरण संवाददाता, पटना। इंटरनेट मीडिया पर लाइक्स और लोकप्रियता हासिल करने के लिए बाइक से खतरनाक स्टंट करना युवक अभि सिंह को भारी पड़ गया।

जेपी गंगा पथ पर लापरवाही से बाइक चलाने का वीडियो सामने आने के बाद गांधी मैदान यातायात थाना की पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।

यातायात पुलिस अब उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया टीम की नजर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक स्टंट वीडियो पर पड़ी।

इसमें स्पोर्ट्स बाइक सवार युवक जेपी गंगा पथ पर कुर्जी के समीप खतरनाक तरीके से वाहन चलाता दिखाई दे रहा है। युवक बाइक का अगला पहिया उठाकर पिछले पहिये के सहारे सड़क पर दौड़ रहा था। बाइक पर पीछे एक अन्य व्यक्ति भी बैठा था।

स्टंट के दौरान बाइक चालक ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। सड़क पर इस तरह का जोखिम भरा करतब दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहा था।

युवक की एक छोटी-सी चूक गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

इंस्टाग्राम अकाउंट से हुई पहचान

जांच में पता चला कि स्टंट का वीडियो ऋषि राइडर 94 नाम के इंस्टाग्राम ब्लाग पर अपलोड किया गया था, जिसका धारक अभि सिंह है। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की गई।

इसके बाद गांधी मैदान यातायात थाना में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। यातायात पुलिस की इंटरनेट मीडिया टीम ऐसे वीडियो पर लगातार नजर रख रही है। जेपी गंगा पथ पर स्टंट करने वाले कई बाइक चालकों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई हो चुकी है।

यह भी पढ़ें- रेलवे की गुणवत्ता का मंत्र, जमालपुर इरिमी में 80 जूनियर इंजीनियरों को DG अनिमेष सिन्हा ने दिया सफलता का फॉर्मूला

यह भी पढ़ें- सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई आरा कस्टम अफसर हत्याकांड की पटकथा, कॉलेज गेट पर रेकी के बाद शूटआउट