विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक्सपायरी फूड आइटम से बना रहे थे केक, फैक्ट्री बंद करने के आदेश; पटना में फूड सेफ्टी टीम का ताबड़तोड़ एक्शन

Published: Sun, 25 Oct 2026 11:03 AM (IST)

पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने केक-बेकरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की, जिसमें एक्सपायरी सामग्री और गंदगी पाई गई।

फूड सेप्टी टीम की जांच। फोटो जागरण

फूड सेप्टी टीम की जांच। फोटो जागरण

HighLights

  1. पटना में केक-बेकरी प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी।

  2. द केक डिलाइट का लाइसेंस निलंबित, एक्सपायरी सामग्री मिली।

  3. विन्नी रिटेल्स को गंदगी, कीटों के कारण तीन दिन बंद।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में केक-बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता व स्वच्छता जांच में खाद्य सुरक्षा विभाग को गंभीर अनियमितताएं मिली हैं।

जक्कनपुर स्थित द केक डिलाइट में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विनिर्माण बंद कराया गया।

वहीं, बड़ी पहाड़ी स्थित विन्नी रिटेल्स प्राइवेट लिमिटेड को तीन दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। अन्य प्रतिष्ठानों में गंदगी, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्रों की अनुपलब्धता और खाद्य पदार्थों की लेबलिंग में कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।

खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर शनिवार को की गई जांच के दौरान एक्सपायरी और अनुपयुक्त खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।

जक्कनपुर थाना क्षेत्र के न्यू बिग्रहपुर ढलाई रोड स्थित द केक डिलाइट में किचन, स्टोर, ड्रेनेज और शौचालय की साफ-सफाई असंतोषजनक मिली।

निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी पाई गई।

13 हजार 500 कीमत के डोनट प्रीमिक्स पाउडर, चाकलेट कंपाउंड, डार्क गनाश, फ्रूट काकटेल, ग्लूटेन पाउडर, टोमैटो केचप, पनीर और लूज केक समेत अन्य एक्सपायरी सामग्री नष्ट कराई गई।

इसका लाइसेंस निलंबित कर विनिर्माण बंद रखने का निर्देश दिया गया है। प्रतिष्ठान को 14 दिनों में कमियां दूर करने का नोटिस भी दिया गया है।

बड़ी पहाड़ी, वार्ड संख्या-56 स्थित विन्नी रिटेल्स प्राइवेट लिमिटेड में कीटों की मौजूदगी, खुला कूड़ेदान, गंदे कंटेनर और खाद्य व गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी थी।

करीब पांच किलोग्राम ब्राउनी प्रीमिक्स, तीन किलोग्राम इस्तेमाल की गई क्रीम, ब्रेड-केक, टोफू और दही समेत अनुपयुक्त सामग्री नष्ट कराई गई।

विभाग ने प्रतिष्ठान को तीन दिनों तक बंद रखने और स्वच्छता, कीट नियंत्रण तथा भंडारण व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया है। 14 दिनों के भीतर अनुपालन का प्रमाण भी देना होगा।

बोरिंग कैनाल रोड के एसके पुरी स्थित द केक बास में केक बेस, स्ट्राबेरी कलर समेत करीब 4,450 रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की गई। बेली रोड के शेखपुरा स्थित लक्ष्मी एंटरप्राइजेज में खाद्य लाइसेंस को निर्धारित तरीके से प्रदर्शित नहीं किया गया था।

लाइसेंस में आवश्यक संशोधन भी लंबित था। मसौढ़ी प्रखंड के फतेहपुर स्थित मेसर्स देवोर योर फूड्स एलएलपी के प्रतिष्ठान को भी 14 दिन में कमियां दूर करने का नोटिस दिया गया।

राजधानी में सबसे अधिक 87 प्रतिष्ठानों का हो चुका निरीक्षण

आम लोगों की थाली और खाद्य कारोबार की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग का विशेष जांच अभियान जारी है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत के निर्देश पर राज्यभर में अब तक 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है।

इनमें पटना में सर्वाधिक 87 प्रतिष्ठानों की जांच हुई। अनियमितताओं पर दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 15 के विरुद्ध अभियोजन का निर्देश दिया गया है।

कार्रवाई के प्रमुख आंकड़े

-15,340 लीटर पैकेज्ड पेयजल जब्त।

-3,456 किलोग्राम मिल्क केक नष्ट कराया।

-155 किलोग्राम गुलाब जामुन नष्ट कराया।

-96 किलोग्राम रसगुल्ला नष्ट कराया।

-170 किलोग्राम मिश्रित मिठाई एवं पनीर जब्त।

यह भी पढ़ें- कटिहार के छात्र राहुल ने दिल्ली में चमकाया नाम, इंस्पायर मानक की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया अपना मॉडल

यह भी पढ़ें- पंजाब की चीनी मिल में सहरसा के मजदूर की मौत, मशीन की बेल्ट में फंसा हाथ, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़