विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना से हवाई सफर हुआ आसान: Indigo भरेगा सबसे ज्यादा उड़ानें, दिल्ली-मुंबई समेत 14 शहरों के लिए बढ़े ऑप्शन

Published: Fri, 23 Oct 2026 09:20 PM (GMT+05:30)

पटना एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से नया विंटर शेड्यूल लागू होगा, जिसमें कुल 40 उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इसमें ...और पढ़ें

पटना एयरपोर्ट से विंटर शेड्यूल में 40 उड़ानें, छह नई सेवाएं शुरू होंगी

पटना एयरपोर्ट से विंटर शेड्यूल में 40 उड़ानें, छह नई सेवाएं शुरू होंगी

HighLights

  1. पटना एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से नया विंटर शेड्यूल लागू।

  2. कुल 40 उड़ानें संचालित होंगी, छह नई सेवाएं शुरू होंगी।

  3. पुणे, अहमदाबाद, बेंगलुरु सहित कई शहरों को नई कनेक्टिविटी।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 25 अक्टूबर से विमानों का नया विंटर शेड्यूल लागू होगा। इसके तहत एयरपोर्ट से कुल 40 उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

नए शेड्यूल में छह नई उड़ान सेवाएं शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को पुणे, अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और चंडीगढ़ जैसे शहरों के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

यह व्यवस्था 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। नई सेवाओं की शुरुआत 25 अक्टूबर से होगी। इस दिन स्पाइसजेट की पुणे-पटना उड़ान एसजी-0664/0647 दोपहर 3:40 बजे पटना पहुंचेगी।

वापसी में यह शाम 4:20 बजे पुणे के लिए रवाना होगी। दिल्ली के लिए स्पाइसजेट की एसजी-709/710 सेवा पटना में शाम 4:16 बजे पहुंचेगी और 5:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।

वहीं, कोलकाता-पटना-भोपाल मार्ग पर एलायंस एयर की उड़ान 91733/0733 दोपहर 1:20 बजे पटना पहुंचेगी और 2:20 बजे आगे के सफर पर रवाना होगी।

एक नवंबर से पटना-बेंगलुरु मार्ग पर स्पाइसजेट की नई सेवा शुरू होगी। एसजी-672/673 दोपहर 1:35 बजे पटना पहुंचेगी और 2:15 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।

सात नवंबर से मुंबई के लिए भी एक अतिरिक्त उड़ान उपलब्ध होगी। स्पाइसजेट की एसजी-674/675 शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी और 7:20 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरेगी।

इंडिगो के जिम्मे सबसे अधिक उड़ानें

नए शेड्यूल में सबसे अधिक 27 उड़ानों का संचालन इंडिगो करेगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस छह, एयर इंडिया तीन, जबकि स्पाइसजेट और एलायंस एयर दो-दो उड़ानों का संचालन करेंगे।

समय-सारिणी के अनुसार, पुणे से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-653/126 रात 1:40 बजे पटना पहुंचेगी। यह 2:45 बजे वापसी की उड़ान भरेगी।

वहीं, बेंगलुरु से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-6121/6258 रात 11:45 बजे पटना पहुंचेगी और रात 12:20 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।

दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 14 उड़ानें

विंटर शेड्यूल में पटना हवाई अड्डे से 14 शहरों के लिए हवाई संपर्क उपलब्ध रहेगा। इनमें दिल्ली के लिए सबसे अधिक 14 उड़ानें निर्धारित हैं। बेंगलुरु के लिए सात और हैदराबाद के लिए पांच उड़ानें होंगी।

कोलकाता और मुंबई के लिए चार-चार, जबकि चंडीगढ़ के लिए तीन उड़ानों का संचालन होगा। पुणे और अहमदाबाद के लिए दो-दो उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा भुवनेश्वर, भोपाल, चेन्नई, लखनऊ, रांची और नवी मुंबई के लिए एक-एक उड़ान निर्धारित है।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, एयरलाइंस परिचालन संबंधी जरूरतों के आधार पर समय-सारिणी में बदलाव कर सकती हैं, इसलिए यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान का समय और उपलब्धता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- पटना से मिडिल ईस्ट जाना हुआ मुश्किल, उड़ानें कम होने से यात्रियों के विकल्पों पर मंडराया संकट

यह भी पढ़ें- विमानों के लिए आफत बनीं चीलें, पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट रोकने को लगेंगे रिफ्लेक्टिव रिबन