पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट रोकने की तैयारी, मांस-मछली की दुकानों पर होगी कार्रवाई
पटना एयरपोर्ट पर विमानों को पक्षियों से होने वाले खतरे और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक समीक्षा बैठक हुई। ...और पढ़ें

पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट रोकने की तैयारी, मांस-मछली की दुकानों पर होगी कार्रवाई (AI Generated Image)
HighLights
बर्ड हिट रोकने को मांस-मछली की दुकानें हटाई जाएंगी।
कूड़ा निस्तारण और नई तकनीक पर विचार किया गया।
एयरपोर्ट सुरक्षा हेतु पुलिस पिकेट बनाने पर सहमति बनी।
जागरण संवाददख, पटना। पटना एयरपोर्ट के रनवे के आसपास पक्षियों के झुंड से विमानों को होने वाले खतरे और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने समीक्षा बैठक की। क्षेत्रीय कार्यालय में हुई बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और बर्ड हिट की घटनाओं पर रोकथाम के लिए कई निर्णय लिए गए।
बताया गया कि पटना एयरपोर्ट पर वर्ष 2025 में बर्ड हिट की 32 घटनाएं हुई थीं। वर्ष 2026 में अब तक ऐसी 16 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पूर्व में हुई बर्ड हिट की घटनाओं का विश्लेषण कर यह पता लगाने को कहा गया कि अधिकांश घटनाएं किस ऊंचाई पर हुईं। इसके आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पक्षियों को रोकने के लिए विश्वस्तरीय नई तकनीक की जानकारी लेकर आधुनिक उपकरण लगाने पर भी विचार किया गया। एयरपोर्ट के आसपास कूड़ा डंप करने वाले स्थानों को चिह्नित कर सफाई और कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
खुले में संचालित मांस-मछली की दुकानों को हटाने के लिए नगर निगम के साथ अभियान चलाने को कहा गया। फुलवारीशरीफ, चितकोहरा, खोजा इमली मंडी और एयरपोर्ट के आसपास ऐसी दुकानों पर कार्रवाई होगी।
बैठक में पटना एयरपोर्ट निदेशक चंद्र प्रताप द्विवेदी, सीआईएसएफ के वरीय समादेष्टा नरपत सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा, नगर आयुक्त समेत एसपी पश्चिमी संकेत कुमार, एसपी मध्य ममता कल्याणी और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट के आसपास पेड़-पौधों की समय-समय पर छंटाई और परिसर में घास की कटाई कराने पर भी जोर दिया गया। पूर्व में हुई बर्ड हिट की घटनाओं का विश्लेषण कर यह पता लगाने को कहा गया कि अधिकांश घटनाएं किस ऊंचाई पर हुईं। इसके आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
विश्वस्तरीय नई तकनीक की जानकारी लेकर आधुनिक उपकरण लगाने पर भी विचार किया गया। शादी-विवाह और मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे या अन्य स्थानों पर लगने वाली चलती लेजर रोशनी से विमान के उड़ान भरने और उतरने में पायलटों को परेशानी की बात सामने आई। एयरपोर्ट के आसपास ऐसी रोशनियों पर निगरानी और जरूरत के अनुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
रेलवे लाइन के किनारे साफ सफाई का निर्देश
रेलवे लाइन के किनारे फैले कूड़े के कारण पक्षियों के जुटने की समस्या पर भी चर्चा हुई। एसपी पश्चिमी, नगर आयुक्त और दानापुर रेल मंडल के अधिकारी समन्वय कर सफाई कराएंगे।
एयरपोर्ट के पास आइसीआर की खेती व अनुसंधान वाली जमीन पर पानी जमा होने से पक्षियों के आने की समस्या का भी समाधान किया जाएगा।
सुरक्षा मजबूत करने के लिए एयरपोर्ट के पास स्थानीय पुलिस पिकेट बनाने पर सहमति बनी। एयरपोर्ट निदेशक इसके लिए स्थल चिह्नित कर उपलब्ध कराएंगे।
डीएम, एसएसपी, वरीय अधिकारियों के लिए स्थायी प्रवेश पास
जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारियों के स्थायी प्रवेश पास की व्यवस्था भी होगी, ताकि आपात स्थिति में समय बचे।
एयरपोर्ट के बाहर सड़क पर अवैध आटो-टैक्सी पार्किंग रोकने के लिए वाहनों को बीएमपी-5 और पशु चिकित्सा महाविद्यालय क्षेत्र में पार्क कराने का निर्देश दिया गया।
एयरपोर्ट के आसपास नो पार्किंग के बोर्ड लगाए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों पर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- आज से पटना एयरपोर्ट पर 24 दिन चलेगा खास अभियान, सेल्फी प्वाइंट से स्वास्थ्य जांच तक; हर दिन बदलेगा थीम
यह भी पढ़ें- पटना में रनवे के पास पक्षियों का झुंड देख इंडिगो की फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, फंसे रहे 167 यात्री
