पटना में रनवे के पास पक्षियों का झुंड देख इंडिगो की फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, फंसे रहे 167 यात्री
पटना एयरपोर्ट पर रनवे के पास पक्षियों के झुंड के कारण इंडिगो की दिल्ली-पटना फ्लाइट 6E 2453 को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा।

पटना में रनवे के पास पक्षियों का झुंड देख इंडिगो की फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, फंसे रहे 167 यात्री
HighLights
पटना एयरपोर्ट पर पक्षियों के झुंड से विमान परिचालन प्रभावित हुआ।
इंडिगो की दिल्ली-पटना फ्लाइट 6E 2453 वाराणसी डायवर्ट हुई।
केंद्रीय मंत्री सहित 176 यात्री प्रभावित, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना एयरपोर्ट के रनवे के पास सोमवार शाम पक्षियों का झुंड मंडराने से विमान परिचालन प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से दिल्ली-पटना-दिल्ली सेक्टर की इंडिगो फ्लाइट 6ई 2453 को पटना पहुंचने के बाद वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया।
विमान में एक केंद्रीय मंत्री समेत दिल्ली से पटना आ रहे 176 यात्री सवार थे। करीब 4:15 बजे पटना पहुंचने के बाद विमान को रनवे पर उतारने के बजाय वाराणसी भेज दिया गया।
वहां से विमान शाम करीब 6:20 बजे पटना पहुंचा। विमान के डायवर्ट होने से पटना से दिल्ली जाने वाले करीब 167 यात्रियों को एयरपोर्ट पर लगभग तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
विमान के वाराणसी जाने और फिर पटना लौटने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्रियों के अनुसार, उन्हें लंबे समय तक विमान के आने का इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रनवे के आसपास से पक्षियों को हटाने के लिए पटाखे छोड़े गए, जिसके बाद परिचालन सामान्य किया गया।
हाल में हुई थी एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक
पटना एयरपोर्ट पर पक्षियों के खतरे को लेकर हाल ही में प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति (एईएमसी) की साल में दो बार बैठक होती है।
इन बैठकों में रनवे और एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों के जमावड़े को रोकने, कचरा हटाने तथा खुले में मांस-मछली की बिक्री पर नियंत्रण जैसे उपायों पर चर्चा होती है। इसके बावजूद रनवे के पास पक्षियों के झुंड का पहुंचना एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से पक्षियों को आकर्षित करने वाले स्रोतों को हटाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में खुले में मांस-मछली की बिक्री रोकने और कचरे का उचित निपटारा कराने पर जोर दिया जाता रहा है। बावजूद इसके समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
24 अगस्त को विमान से टकराया था पक्षी
पटना एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में बर्डहिट की घटनाएं भी सामने आई हैं। 24 अगस्त को एयर इंडिया के विमान के दायीं ओर की टरबाइन से पक्षी टकरा गया था। उस समय विमान जमीन से करीब 20 फीट की ऊंचाई पर था। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को सुरक्षित लैंड कराया था।
इससे बड़ा हादसा टल गया था। इससे एक दिन पहले 23 अगस्त को रनवे के रूटीन निरीक्षण के दौरान करीब 1.5 किलोग्राम वजनी मृत चमगादड़ के अवशेष मिले थे।
हालांकि, उस दौरान किसी उड़ान से पक्षी टकराने की सूचना नहीं मिली थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच सोमवार को पक्षियों के झुंड के कारण विमान को वाराणसी डायवर्ट किए जाने से एयरपोर्ट की बर्ड-हैजर्ड मैनेजमेंट व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
