विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आज से पटना एयरपोर्ट पर 24 दिन चलेगा खास अभियान, सेल्फी प्वाइंट से स्वास्थ्य जांच तक; हर दिन बदलेगा थीम

Published: Thu, 17 Sep 2026 08:00 AM (IST)

पटना एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक 24 दिवसीय विशेष अभियान चलेगा, जिसमें यात्रियों के लिए सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां होंगी।

एयरपोर्ट पर होगी स्वास्थ्य जांच

एयरपोर्ट पर होगी स्वास्थ्य जांच

जागरण संवाददाता, पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 सितंबर से यात्रियों के लिए खास सेवा अभियान शुरू होने जा रहा है। 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले 24 दिवसीय अभियान में हर दिन अलग थीम पर यात्री-केंद्रित गतिविधियां आयोजित होंगी।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, संवाद, स्वास्थ्य और मनोरंजन के साथ बिहार की कला-संस्कृति को भी अभियान से जोड़ा है।

पहली उड़ान वालों के लिए विशेष मदद

अभियान के दौरान पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए विशेष सहायता डेस्क बनाई जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को भी सहायता मिलेगी।

प्रस्थान और आगमन क्षेत्र में प्रधानमंत्री की तस्वीर वाले सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे और बाहर से आने वाले यात्रियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा।

फीडबैक से क्विज तक, बच्चों के लिए भी जोन

यात्रियों से सुझाव लेने के लिए ‘एक प्रश्न-एक परिवर्तन’ पहल के तहत फीडबैक वाल बनाई जाएगी। एविएशन क्विज और 60 सेकेंड चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी होंगे। बच्चों के लिए किड्स एंगेजमेंट जोन में पेंटिंग, ड्राइंग, कलरिंग और गेम्स की व्यवस्था होगी।

एयरपोर्ट पर होगी स्वास्थ्य जांच

आगमन क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जहां यात्रियों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बीएमआई की जांच होगी। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में कैरम, शतरंज और ब्रेन गेम्स की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि उड़ान के इंतजार के दौरान यात्री मनोरंजन कर सकें।

एयरपोर्ट पर दिखेगी बिहार की संस्कृति

अभियान में बिहार के स्थानीय हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यात्रियों को राज्य की कला और संस्कृति की झलक भी मिलेगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधा वितरण और पौधरोपण की गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक खास आयोजन

17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। 18 सितंबर को ‘स्वच्छ लैंडसाइड’, 21 सितंबर को दिव्यांगजनों के लिए सुगम यात्रा और 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर ‘अतिथि देवो भव’ थीम पर कार्यक्रम होगा।

दो अक्टूबर को स्वच्छता दिवस और तीन अक्टूबर को हरित एयरपोर्ट से जुड़ी गतिविधियां होंगी। 10 अक्टूबर को सेवा रिपोर्ट और उत्कृष्ट योगदान देने वालों के सम्मान के साथ अभियान का समापन होगा।