'जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई', कटिहार हादसे के बाद पप्पू यादव ने उठाए सवाल; ठेकेदार पर भड़के
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले की एक कार कटिहार-सोनौली मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 5 लोग घायल हुए।
-1795409154326_m.webp)
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और घायल सुरक्षाकर्मी के साथ सांसद पप्पू यादव। (सोशल मीडिया)
डिजिटल डेस्क, पटना। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले की एक कार हादसे की शिकार हो गई। कटिहार-सौनौली मार्ग पर यह हादसा हुआ। इस घटना में 5 लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
इस घटना को लेकर पप्पू यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि- जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई...
अभी कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान हमारी स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में जा गिरी। ईश्वर की कृपा और आप सबकी अनगिनत दुआओं से हमारे सभी लोग सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि बेलोरी–सन्हौली–सालमारी मुख्य सड़क पर बाढ़ के समय से ही सड़क क्षतिग्रस्त है, लेकिन आज तक इसका समुचित निर्माण नहीं कराया गया है।
सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार की घोर लापरवाही और PWD के अभियंताओं की उदासीनता के कारण स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में गिर गई।
मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, न ही उचित डायवर्जन की व्यवस्था थी और न ही सुरक्षा के लिए दूर तक कोई संकेत या अवरोधक लगाए गए थे। ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ दोषी है।
भयावह हो सकता था हादसा
पप्पू यादव ने आगे लिखा कि बारिश नहीं होती और मिट्टी गीली नहीं होती तो शायद हादसा और भी भयावह हो सकता था।
इस दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। जिसको उचित इलाज के लिए हमने भेजा है।
लेकिन मौत को इतने करीब देखकर मन भावुक है। एक बड़ी अनहोनी टली, मगर यह एक बड़ी लापरवाही है उस कॉन्ट्रेक्टर कम्पनी का, जो यहां रोड निर्माण का कार्य कर रही है। न खतरे का बोर्ड, न कोई चेतावनी! आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही की नींद क्यों टूटेगी?