NEET Re-Exam Scam: साल्वर गैंग से 2 साल से जुड़ा था PMCH का अश्विनी, 2 बार असफल छात्रों को बनाते थे निशाना
नीट-यूजी परीक्षा धांधली में गिरफ्तार पीएमसीएच छात्र अश्विनी कुमार दो साल से साल्वर गैंग से जुड़ा था और मुख्य आरोपी अर्पित राज के साथ मिलकर अभ्यर्थियों की तलाश करता था।

HighLights
पीएमसीएच छात्र अश्विनी दो साल से साल्वर गैंग से जुड़ा।
मुख्य आरोपी अर्पित राज के साथ मिलकर अभ्यर्थियों की तलाश करता था।
अश्विनी के संपर्क में 10-12 अन्य पीएमसीएच छात्र भी थे।
जागरण संवाददाता, पटना। नीट-यूजी परीक्षा में धांधली के आरोप में गिरफ्तार पीएमसीएच के एमबीबीएस छात्र अश्विनी कुमार को लेकर जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अश्विनी पिछले करीब दो वर्षों से साल्वर गैंग के संपर्क में था और गिरोह के मुख्य आरोपित अर्पित राज के साथ मिलकर अभ्यर्थियों की तलाश करने का काम करता था।
पीएमसीएच प्रशासन और जांच एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार अश्विनी ने कालेज और छात्रावास प्रशासन की नजरों से बचने के लिए पटना में अलग से एक अपार्टमेंट किराये पर ले रखा था। बताया जा रहा है कि वहां अर्पित राज का नियमित आना-जाना था और वहीं कई गतिविधियों को अंजाम दिया जाता था।
जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि अश्विनी अकेले इस नेटवर्क से नहीं जुड़ा था। उसके संपर्क में पीएमसीएच के 10 से 12 अन्य छात्र भी थे। हालांकि इन छात्रों की भूमिका क्या थी और वे किसी अवैध गतिविधि में शामिल थे या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है। कालेज प्रशासन ने ऐसे छात्रों का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है।
दो बार असफल अभ्यर्थियों को बनाते थे निशाना
पीएमसीएच के कुछ छात्रों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि अर्पित राज कई बार अश्विनी के साथ कालेज परिसर में आता था। वह मेडिकल छात्रों से संपर्क बढ़ाने और उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल करने का प्रयास करता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों को निशाना बनाता था, जो एक या दो बार नीट परीक्षा में शामिल होने के बावजूद सफलता हासिल नहीं कर सके थे। ऐसे अभ्यर्थियों को बेहतर रैंक और मेडिकल कालेज में प्रवेश दिलाने का भरोसा देकर मोटी रकम की डील की जाती थी।
सूत्रों के अनुसार अश्विनी और अर्पित राज की प्रमुख भूमिका 'क्लाइंट हंटिंग' की थी, यानी ऐसे उम्मीदवारों की तलाश करना जो किसी भी कीमत पर मेडिकल कॉलेज में दाखिला चाहते हों।
यह भी पढ़ें- नीट फर्जीवाड़ा: लखीसराय में 30 आरोपी भेजे गए जेल, अब मास्टरमाइंड और सेटरों की तलाश तेज
यह भी पढ़ें- 'घर से देर से निकले, गलत रास्ता चुना', NEET कैंडिडेट के देर से पहुंचने पर बेंगलुरु पुलिस का बयान
