NCERT Books: नए सत्र से बदल जाएगा 10वीं का सिलेबस, नई किताबें तैयार करने में जुटा NCERT
एनसीईआरटी 10वीं कक्षा के लिए New NCERT Books तैयार कर रहा है, जो शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू होंगी।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
10वीं कक्षा का नया सिलेबस 2027-28 सत्र से लागू होगा।
एनसीईआरटी राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के तहत किताबें बना रहा।
60 लाख शिक्षकों को नए पाठ्यक्रम के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, पटना। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए नई पाठ्यपुस्तकें तैयार करने में जुटा है।
संशोधित पाठ्यक्रम के तहत तैयार होने वाली नई किताबें शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू की जाएंगी। परिषद ने भाषा विषयों की नई पाठ्यपुस्तकें नवंबर 2026 के अंत तक तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
वहीं, शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और कला शिक्षा की किताबें दिसंबर 2026 के अंत तक पूरी करने की योजना है।
राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा के तहत तैयार होंगी किताबें
एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकें राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ-एसई) 2023 के अनुरूप तैयार की जा रही हैं।
संशोधित पाठ्यक्रम में तीन भाषाओं के साथ गणित एवं कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा एवं कल्याण, कला शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा को शामिल किया गया है।
इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए एक अंतर-विषयक विषय भी जोड़ा गया है। नए पाठ्यक्रम के तहत 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य होगा।
इनमें कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की होनी चाहिए। इसके साथ ही 'पर्यावरण शिक्षा' नाम से दो अंतर-विषयक विषय भी शुरू किए गए हैं। इनकी पाठ्यपुस्तकें भी एनसीईआरटी तैयार कर रहा है।
60 लाख शिक्षकों को नए पाठ्यक्रम की मिलेगी ट्रेनिंग
नई किताबों को लागू करने के साथ ही एनसीईआरटी शिक्षकों को प्रशिक्षित करने की भी तैयारी कर रहा है। इसके लिए 'रीइमेजिंड निष्ठा' कार्यक्रम के तहत देश के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों में 60 हजार मुख्य संसाधन व्यक्तियों (केआरपी) को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ये प्रशिक्षित केआरपी आगे चलकर देशभर के करीब 60 लाख शिक्षकों को नए पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रशिक्षण देंगे।
इस प्रशिक्षण में कक्षा में पढ़ाने के नए तरीकों, दक्षता आधारित शिक्षण और संशोधित पाठ्यक्रम के तहत मूल्यांकन प्रणाली में हुए बदलावों पर विशेष जोर रहेगा।
इसका उद्देश्य शिक्षकों को नई पाठ्यपुस्तकों और शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है, ताकि वे कक्षा में विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप पढ़ाई करा सकें।
शिक्षण और मूल्यांकन की पद्धति में भी होगा बदलाव
निष्ठा कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों में जरूरी शिक्षण दक्षताओं का विकास किया जाएगा। इसके तहत उन्हें नवीन शिक्षण तकनीकों और अद्यतन मूल्यांकन पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।
एनसीईआरटी का जोर केवल नई किताबें तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों को भी नए पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार करना है, जिससे स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।
यह भी पढ़ें- बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में 4 महीने बाद भी नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन, स्कॉलरशिप से वंचित हो रहे छात्र