विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में 4 महीने बाद भी नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन, स्कॉलरशिप से वंचित हो रहे छात्र

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:02 PM (IST)

Post Matric Scholarship Bihar Engineering: मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी समेत बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में नए सत्र के छात्रों का ...और पढ़ें

अभिभावक भी लगातार कॉलेजों से इसकी जानकारी मांग रहे हैं।

अभिभावक भी लगातार कॉलेजों से इसकी जानकारी मांग रहे हैं।

HighLights

  1. बिहार इंजीनियरिंग कॉलेजों में चार माह से रजिस्ट्रेशन लंबित।

  2. छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से आर्थिक नुकसान।

  3. विश्वविद्यालय ने इसी सप्ताह रजिस्ट्रेशन तिथि जारी करने का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Engineering Colleges Registration Delayed: मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) समेत प्रदेश के तमाम सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में नए सत्र में नामांकित बीटेक कोर्स के विद्यार्थियों के सामने एक गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया बीते जुलाई महीने में ही पूरी कर ली गई थी, लेकिन लगभग चार महीने का लंबा समय बीत जाने के बाद भी अब तक विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन (पंजीयन) नहीं हो सका है।

इस विलंब के कारण न सिर्फ छात्र परेशान हैं, बल्कि उनके अभिभावक भी लगातार कॉलेजों से इसकी जानकारी मांग रहे हैं।

हाल ही में एमआईटी में आयोजित अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी और अनुशासन समिति की बैठक में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।

स्कॉलरशिप का लाभ मिलने में बाधा

विद्यार्थियों का कहना है कि सत्र 2026 में नामांकन होने के बावजूद अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं होने के कारण वे 'पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप' जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित हो रहे हैं।

इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने यह भी बताया कि अन्य छात्रवृत्ति और कल्याणकारी योजनाओं में भी रजिस्ट्रेशन नंबर अनिवार्य होने के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि, शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि इस समस्या से विश्वविद्यालय को अवगत करा दिया गया है।

प्लेसमेंट पर भी असर की आशंका

एमआईटी के शिक्षकों के अनुसार, कोविड-19 महामारी के बाद यह पहला मौका था जब इस सत्र में नामांकन की प्रक्रिया समय पर पूरी हुई थी। इसके बावजूद रजिस्ट्रेशन का कार्य समय पर पूरा न होने के कारण अब 2026-30 का पूरा शैक्षणिक सत्र पिछड़ना तय माना जा रहा है।

छात्रों ने उदाहरण देते हुए बताया कि दूसरे राज्यों के इंजीनियरिंग संस्थानों में इसी सत्र के विद्यार्थी आगे की कक्षाओं में पहुंच चुके हैं, जबकि यहां स्थिति इसके विपरीत है।

छात्रों का कहना है कि सत्र पिछड़ने का सीधा और नकारात्मक प्रभाव आने वाले समय में उनके कैंपस प्लेसमेंट पर भी पड़ेगा।

इसी सप्ताह रजिस्ट्रेशन की तिथि

छात्रों के मन में चल रहे संशय और भ्रम को दूर करते हुए बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बिजयेंद्र कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन और छुट्टियों के कारण रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में कुछ विलंब हुआ है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि इसी सप्ताह रजिस्ट्रेशन की तिथि जारी कर दी जाएगी, इसलिए विद्यार्थियों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

साथ ही, कैंपस में चर्चा थी कि एमआईटी परिसर में नए बनने वाले 'शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय' की स्थापना के कारण यह तय नहीं हो पा रहा है कि रजिस्ट्रेशन नए विश्वविद्यालय से होगा या पुरानी व्यवस्था के तहत।

इस पर परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि छात्रों को किसी भी तरह के संशय में रहने की जरूरत नहीं है, इस सत्र में रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी के माध्यम से ही संपन्न होगी।

यह भी पढ़ें- एमआइटी की तीन शाखाओं के एनबीए मूल्यांकन को लेकर मॉक विजिट, विशेषज्ञों ने दिए अहम सुझाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।