नवादा में खनन विभाग की टीम पर हमला, इंस्पेक्टर समेत कई घायल; मंत्री प्रमोद कुमार ने दिए कार्रवाई के आदेश
नवादा में अवैध खनन की जांच कर रही खनन विभाग की टीम पर हमला हुआ, जिसमें एक पुलिस निरीक्षक घायल ...और पढ़ें

नवादा में दूसरी बार हमला, सरकारी कामकाज में बाधा बर्दाश्त नहीं
HighLights
नवादा में खनन टीम पर अवैध खनन जांच के दौरान हमला।
खनन मंत्री प्रमोद कुमार ने घटना को गंभीरता से लिया।
खनन माफिया और आरोपितों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, पटना। नवादा में अवैध खनन की जांच और निरीक्षण के दौरान खनन विभाग की टीम पर हुए हमले को खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने गंभीरता से लिया है। घटना में एक पुलिस निरीक्षक के घायल होने की सूचना मिलने के बाद मंत्री ने स्थानीय प्रशासन से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने नवादा के पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बात कर घटना में शामिल खनन माफिया और अन्य आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
नवादा में दूसरी बार हमला, सरकारी कामकाज में बाधा बर्दाश्त नहीं
मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि नवादा में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जो बेहद चिंताजनक है। सरकारी कामकाज के दौरान विभागीय अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई जरूरी है।
आरोपितों की गिरफ्तारी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश
मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए। हमले में संलिप्त सभी आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन को मामले में तत्परता दिखाने और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने को कहा।
अवैध खनन पर रोक और सरकारी राजस्व की सुरक्षा प्राथमिकता
प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार अवैध खनन पर रोक लगाने, सरकारी राजस्व की सुरक्षा और खनिज संपदा के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में लगे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश
मंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीमों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।