विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Navratri 2026: इस बार 10 दिनों का होगा नवरात्र, 18 से 19 अक्टूबर तक अष्टमी; जानिए शुभ मुहूर्त और पूजन विधि

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:45 AM (IST)

शारदीय नवरात्र रविवार से कलश स्थापना के साथ शुरू होगा, जो इस बार अष्टमी तिथि दो दिन होने के कारण 10 दिनों तक चलेगा।  

शारदीय नवरात्र। फाइल फोटो

शारदीय नवरात्र। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, पटना। शक्ति की आराधना, आस्था और आत्मशुद्धि का महापर्व शारदीय नवरात्र रविवार से कलश स्थापना के साथ शुरू होगा। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना के साथ अगले 10 दिनों तक घरों, मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तिमय वातावरण रहेगा।

शहर के शक्तिपीठ मंदिरों को सजाया गया है। नवरात्र के पहले दिन से दुर्गा सप्तशती के मंत्र गूंजेंगे तो कहीं आरती और भजन से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगेगा। इस बार अष्टमी तिथि दो दिन होने के कारण देवी की उपासना 10 दिनों तक चलेगी।

ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार मां दुर्गा का हाथी पर आगमन और हाथी पर ही विदाई सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और खुशहाली का संकेत है। धार्मिक परंपरा में दुर्गा सप्तशती के पाठ को विशेष फलदायी माना गया है।

इसके 13 अध्यायों में देवी की महिमा, शक्ति और असुरों पर विजय की कथाओं का वर्णन है। देवी की आराधना से भय, नकारात्मकता और संकटों से लड़ने का आत्मबल मिलता है।

महागौरी का पूजन दो दिन

पंडित राकेश झा ने बताया कि आश्विन शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को पूरे दिन और रात रहेगी। 19 अक्टूबर की सुबह 8:04 बजे तक रहेगी।

तिथि की इस अवधि के कारण महागौरी की पूजा और अष्टमी से जुड़े अनुष्ठानों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहेगा। महासप्तमी 17 अक्टूबर को और महानवमी का व्रत एवं पूजन 20 अक्टूबर को होगा।

अलग-अलग परंपराओं से पूजन

मां दुर्गा का पूजन वैदिक, बंगाली और शाक्त परंपराओं के अनुसार मां दुर्गा की पूजा की जाती है। इन पद्धतियों में पूजा-विधान, भोग और आरती की परंपराएं अलग-अलग हैं।

वैदिक पद्धति में कलश पर नारियल स्थापित किया जाता है, जबकि कुछ शाक्त परंपराओं में कलश पर दीपक रखने की विधि प्रचलित है।

नवरात्र का संदेश है कि शक्ति केवल बाहरी विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि अपने भीतर के भय, अहंकार और नकारात्मकता पर विजय पाने की प्रेरणा है।

कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

प्रतिपदा तिथि: रात्रि 08:48 बजे तक

चर-लाभ मुहूर्त: सुबह 07:14 बजे से 10:09 बजे तक

अमृत मुहूर्त: सुबह 10:09 बजे से 11:36 बजे तक

अभिजित मुहूर्त: 11:13 बजे से 11:59 बजे तक

शुभ योग मुहूर्त: दोपहर 01:03 बजे से 02:30 बजे तक

मां को ये भोग करे अर्पण

प्रतिपदा- गौ घृत माता को अर्पण करना चाहिए। इससे आरोग्य लाभ की प्राप्ति होती है।

द्वितीया- शक्कर का भोग लगाकर दान करें। ऐसा करने से चिरायु का वरदान मिलता है।

तृतीया- दूध चढ़ाएं और उसे ब्राह्मण को दान कर दे। इससे ऐश्वर्य की वृद्धि होती है।

चतुर्थी- मालपुआ का नैवेद्य अर्पण करें। इससे मनोबल बढ़ता है।

पंचमी- केले का भोग लगाना चाहिए। इससे बुद्धि का विकास होता है।

षष्टी- मधु (शहद) चढ़ाएं। इससे सौंदर्य की प्राप्ति होती है।

सप्तमी- गुड़ से निर्मित भोग अर्पित करने से शोक से मुक्ति होती है।

अष्टमी- नारियल का भोग लगाना चाहिए। इससे सभी इच्छाएं पूर्ति होती हैं।

नवमी- हलवा-पूड़ी, खीर और पुआ बनाकर चढ़ाना चाहिए। इससे सुख-शांति आती है।

राजधानी के बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

नवरात्र शुरू होने से एक दिन पहले शनिवार को राजधानी के बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। फल-फूल, चुनरी, माला, नारियल, मिठाई, धूप, अगरबत्ती और हवन सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही।

पूजा की थाली सजाने से लेकर कलश स्थापना के लिए जरूरी सामान जुटाने तक में लोग व्यस्त दिखे। फूल-माला की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

वहीं, व्रत रखने वाले लोगों ने फलाहार के लिए फल और अन्य जरूरी सामग्री खरीदी। घरों में साफ-सफाई और पूजा स्थल को सजाने का काम भी चलता रहा।

मंदिरों में नवरात्र की विशेष पूजा की तैयारियां की गई हैं। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में भी सजावट और प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी रहा।

यह भी पढ़ें- शारदा सिन्हा के इस गीत के बिना अधूरा है नवरात्र, 32 साल पुराने इस देवी गीत के आगे फीके हैं बॉलीवुड सॉन्ग्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।