यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: ये क्या..? नीतीश की मांग दोहराने लगे तेजस्वी के खास दोस्त, चुनाव से पहले चला बड़ा दांव
विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) ने शुक्रवार को नीतीश कुमार की पुरानी मांग को दोहरा दिया। ...और पढ़ें

HighLights
- झारखंड में आईएनडीआईए की सरकार बनना तय, बिहार भी जीतेंगे: सहनी
- बिहार को विशेष दर्जे पर सहनी बोले, यह लोगों की नहीं नीतीश कुमार की मांग
राज्य ब्यूरो, पटना। विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) ने दावा किया है कि आईएनडीआईए एक ओर बिहार की चारों सीट पर उपचुनाव में जीतेगा, वहीं पड़ोसी राज्य झारखंड में भी आईएनडीआईए एक बार फिर सरकार गठित करेगा। उन्होंने कहा बिहार और झारखंड की जनता अपना मन बना चुकी है और वोट के दिन अपना निर्णय भी सुनाएगी। सहनी शुक्रवार को पटना में प्रेस से बात कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे.पी नड्डा की बिहार यात्रा और विशेष राज्य के दर्जे की मांग करने को लेकर कहा कि यह पुरानी मांग है। यह आम लोगों की ही नहीं, बल्कि यह मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की थी। अब अलग बात है कि सरकार में आने के बाद वे चुप हैं।
गया में हम (से) के प्रचार वाहन पर राजद कार्यकर्ताओं के हमले से जुड़े सवाल पर सहनी ने कहा कि आरोप लगाना और सच्चाई में जमीन आसमान का फर्क होता है। प्रदेश और देश मे उनकी सरकार है। पूरे मामले की जांच करवा लें, जो भी दोषी हो उसे सजा दी जाए। इस तरह से आरोप लगाने का कोई मतलब नहीं है। इस प्रकार की घटना अगर होती है तो उसे रोकने का दायित्व भी सरकार का ही होता है।
कल कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे वीआईपी प्रमुख
बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नौ नवंबर को आईएनडीआईए उम्मीदवारों के पक्ष में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
वीआईपी राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि सहनी नौ नवंबर को 11.45 बजे गया से कोडरमा के नारायण डीह, रामशाला, सतगावां पहुंचेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे 1.15 बजे रमकंडा प्रखंड के दुर्गाबाड़ी मैदान पहुंचेंगे। यहां भी चुनावी सभा होनी है। 2.15 बजे वे गढ़वा के भवनाथपुर हाई स्कूल मैदान और 3.20 गरदाहा हाई स्कूल, कांडी, विश्रामपुर में जनसभा करेंगे। सवा चार बजे उनकी सभा हरिहरगंज में होगी। इसके बाद वे वापस गया लौट जाएंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
उपचुनाव में सभी चार सीटों पर होगी महागठबंधन की जीत: दीपंकर
भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने दावा किया कि राज्य में हो रहे उपचुनाव में सभी 4 सीटों पर महागठबंधन की जीत होगी। शनिवार और रविवार को वे तरारी विधानसभा में में गठबंधन के माले प्रत्याशी राजू यादव के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। 11 नवंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के साथ वे तरारी सहित अन्य विधानसभा सीटों पर संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार में शामिल होंगे।
दीपंकर ने पत्रकारों से झारखंड चुनाव की चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में अपने नफरती बयानबाजी के जरिए अविश्वास का माहौल बनाना चाहती है। बांग्लादेश से हो रहे तथाकथित घुसपैठ को मुद्दा बनाकर वह बांग्लाभाषियों और मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैला रही है, लेकिन हमें झारखंड की जनता पर उम्मीद है कि वे झांसे में नहीं आएंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड की 81 में 78 सीटों पर हमारे बीच पूर्ण तालमेल है। इसके तहत माले तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन राज धनवार में यह एकता नहीं हो सकी। जबकि 2014 में इस सीट पर माले ने जीत हासिल की थी और 2019 में कुछ मतों के अंतर से तीसरे स्थान पर रही थी। राजधनवार की सीट पर जेएएमएम द्वारा उम्मीदवार को खड़ा करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
