धोनी का पहला हेलीकॉप्टर शॉट बिहार में हुआ था लैंड, IPL से सन्यास के बाद याद आया 'माही' का पुराना दौर
महेंद्र सिंह धोनी का पहला सफल 'हेलीकॉप्टर शॉट' 2004 में बिहार के भागलपुर में सद्भावना कप के दौरान लगा था, न कि किसी बड़े स्टेडियम में।

महेंद्र सिंह की धोनी। फाइल फोटो
HighLights
धोनी का पहला हेलीकॉप्टर शॉट बिहार में लगा था।
2004 में भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में हुआ था।
बिहार रणजी टीम से शुरू हुआ था उनका करियर।
जागरण संवाददाता, पटना। विश्व क्रिकेट में जब भी महेंद्र सिंह धौनी का जिक्र होता है, तो उनके अचूक 'हेलीकाप्टर शाट' की तस्वीर खुद-ब-खुद जेहन में उभर आती है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस जादुई शाट की पहली सफल लैंडिंग किसी बड़े स्टेडियम में नहीं, बल्कि बिहार की धरती पर हुई थी।
मंगलवार को आइपीएल से संन्यास लेने के बाद भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक धौनी के लंबे-लंबे शॉट अब भले न देखने को मिलें, लेकिन वर्ष 2004 में भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में आयोजित सद्भावना कप के दौरान दर्शकों ने पहली बार माही के बल्ले से यह अजूबा देखा था।
एक सटीक यार्कर पर धौनी ने जब अपने खास अंदाज में बल्ला घुमाकर गेंद को बाउंड्री के पार भेजा, तो दर्शक रोमांचित हो उठे थे। इसके बाद राजधानी में भी कई मुकाबलों के दौरान उनके ऐसे शाट देखने को मिले।
बिहार की रणजी टीम से हुई थी शुरुआत
क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले महेंद्र सिंह धौनी के आइपीएल करियर पर भी विराम लग गया, हालांकि वह आइपीएल 2027 से टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पांच बार चेन्नई को आइपीएल चैंपियन बनाने वाले धौनी के चमकने की शुरुआत बिहार की रणजी टीम से हुई थी। बिहार के लिए खेलते हुए ही उन्होंने अपना पहला प्रथम श्रेणी शतक लगाया।
बिहार रणजी टीम के पूर्व कोच पवन कुमार बताते हैं कि गर्दनीबाग में खेलने के दौरान लंबे-लंबे शाट लगाने से धौनी चर्चा में तो आए, लेकिन उन्हें असली ख्याति भागलपुर में आयोजित सद्भावना कप से मिली।
पवन कहते हैं कि मैं उस मैच में मौजूद तो नहीं था, पर लोग बताते हैं वर्ष 2004 में धौनी ने सैंडिस कंपाउंड में आयोजित एक टूर्नामेंट में यार्कर गेंद पर हेलीकाप्टन शाट लगाया था, उसी के बाद धौनी का नाम चमकने लगा था।
असम के खिलाफ रणजी पदार्पण
धौनी ने 1999-2000 के रणजी सत्र में 18 साल की उम्र में बिहार की ओर से खेलना शुरू किया था। रणजी के कुल 23 मैच खेलने वाले धौनी ने 12 जनवरी 2000 को जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में असम के खिलाफ पदार्पण किया।
रणजी के इस मैच की दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 68 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 2000-01 के रणजी सत्र में अपना प्रथम शतक उन्होंने कोलकाता में बंगाल के खिलाफ उन्होंने 114 रन की अविजित पारी के साथ लगाया।
कम बोलते, अधिक चिंता नहीं करते थे धौनी
धौनी के साथ रणजी ट्राफी में पदार्पण करने वाले व वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा बताते हैं कि पूर्व भारती कप्तान शुरू से कम बोलते और खेल को लेकर अधिक चिंता नहीं करते थे।
राजधानी के गर्दनीबाग के संजय गांधी स्टेडियम में कई मैच खेले। लंबे-लंबे शाट लगाने से वे चर्चा में आए। मोइनुल हक स्टेडियम में प्रतियोगिताओं के लिए ट्रायल दिया।
राष्ट्रीय खिलाड़ी रूपक कुमार बताते हैं कि पूर्व मंत्री रमैय राम की मां के नाम पर आयोजित छठिया देवी मेमोरियल टूर्नामेंट में भाग लेने 97-98 में पटना आए थे।
उन्होंने संजय गांधी स्टेडियम में कई गगनचुंबी छक्के जड़ आसपास के इलाकों के शीशे तोड़े थे। वर्ष 2000 में बिहार से अलग होकर झारखंड अलग राज्य बना। धौनी ने शुरुआती घरेलू क्रिकेट बिहार की ओर से खेला और बाद में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।