पटना के मोकीमपुर में जमीन विवाद पर अंधाधुंध फायरिंग, घोड़े की मौत से गांव में दहशत
बाढ़ के मोकीमपुर गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें एक घोड़े की मौत हो गई और गांव में दहशत फैल गई।

HighLights
मोकीमपुर गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर फायरिंग।
अंधाधुंध गोलीबारी में एक घोड़े की मौके पर मौत।
ग्रामीणों ने आरोपित हनुमान यादव पर कार्रवाई की मांग की।
संवाद सहयोगी, बाढ़। बाढ़ थाना क्षेत्र के मोकीमपुर गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर अंधाधुंध फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों ने हनुमान यादव नामक व्यक्ति पर राइफल से करीब 30 से 40 राउंड गोलियां चलाने का आरोप लगाया है। इस दौरान गोली लगने से एक घोड़े की मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अंधाधुंध फायरिंग से सहमे ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार, पुरानी जमीन के विवाद को लेकर हुई इस घटना के दौरान लगातार गोलियां चलने से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। अचानक हुई फायरिंग से लोग दहशत में आ गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।
आरोप है कि हनुमान यादव ने राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। गोलीबारी के दौरान एक घोड़े को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी है।
उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों को आशंका है कि जमीन विवाद को लेकर फिर कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- एक्सपायरी फूड आइटम से बना रहे थे केक, फैक्ट्री बंद करने के आदेश; पटना में फूड सेफ्टी टीम का ताबड़तोड़ एक्शन
