नोट दोगुना करने का झांसा देकर ठगते थे पैसे! मोकामा में 20 लाख कैश के साथ दो सगे भाइयों समेत 3 गिरफ्तार
मोकामा में आर्थिक अपराध इकाई और पचमहला पुलिस ने नोट दोगुना करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में 20 लाख रुपये नकद के साथ दो सगे भाइयों समेत तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया गया।

20 लाख कैश के साथ दो सगे भाइयों समेत 3 गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मोकामा में नोट दोगुना करने वाले गिरोह का खुलासा।
आर्थिक अपराध इकाई ने 20 लाख नकद के साथ तीन पकड़े।
गिरफ्तार जालसाज पहले भी इसी आरोप में जेल जा चुके।
संवाद सूत्र, मोकामा। आर्थिक अपराध इकाई पटना और पचमहला पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मोकामा प्रखंड के रामपुर डूमरा गांव में नोट दोगुना करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का खुलासा किया है।
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने बीस लाख कैश के साथ तीन जालसाज को भी रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।सभी जालसाज गया के एक व्यक्ति से नोट दोगुना करने के नाम पर पांच लाख कैश ले रहे थे। एक साल पहले भी इस गिरोह के तीन लोगों को इसी आरोप में पचमहला पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
नोट दोगुना करने के नाम पर ठगी
पचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गया निवासी निरंजन कुमार ने आर्थिक अपराध इकाई पटना में नोट दोगुना करने के नाम पर ठगी करने की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि नोट दोगुना करने के नाम पर पहले पांच लाख रुपए की ठगी की गई,साथ ही पांच लाख रुपए की और मांग की जा रही थी।
इस शिकायत के आलोक में आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी अशोक कुमार और पचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने रामपुर डूमरा गांव में छापेमारी की। उस समय शिकायतकर्ता निरंजन कुमार पांच लाख कैश को दोगुना कराने पहुंचे थे।
इसी समय आर्थिक अपराध इकाई और पचमहला पुलिस की टीम ने छापेमारी कर रंगे हाथ तीन जालसाज को दबोच लिया।गिरफ्तार जालसाज रविंद्र कुमार और विश्वजीत कुमार सगे भाई हैं।
डरा धमकाकर गांव से पीड़ित को भगा देता
मौके से घोसवरी थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी दलाल रामनिवास कुमार को भी दबोच लिया गया। दलाल रामनिवास कुमार नोट दोगुना करने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर गिरोह सरगना के पास पहुंचाता था। गिरफ्तार सगे भाई रविंद्र कुमार और विश्वजीत कुमार नोट दोगुना करने के नाम पर लोगों से रुपए की ठगी करता और डरा धमकाकर गांव से पीड़ित को भगा देता था।
पहले भी हुआ था गिरफ्तार
पिछले साल भी पचमहला के तत्कालीन थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने भी दोनों सगे भाइयों को नोट दोगुना करने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।मोकामा आरपीएफ ने भी इसी गिरोह के दो लोगों को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
ग्रामीणों ने बताया कि रामपुर डूमरा गांव में गिरफ्तार ठग गिरोह एक संगठित नेटवर्क का संचालन करता है।इस नेटवर्क के तार कई राज्यों तक फैले हुए हैं।दूसरे राज्यों से भी लोगों को बहला फुसलाकर नोट दोगुना करने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया जाता है।
ठगी के बीस लाख कैश बरामद
पंचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि नोट दोगुना करने के नाम पर तीनों जालसाजों को शिकायतकर्ता से रुपए लेते मौके पर ही दबोच लिया गया।तलाशी के दौरान विश्वजीत सिंह के घर से ठगी के बीस लाख कैश भी बरामद हुए हैं।
सभी ठग गिरोह सरगना को आर्थिक अपराध इकाई की टीम गहन पूछताछ के लिए पटना लेकर रवाना हो गई है।ग्रामीणों की माने तो इस गिरोह का मुख्य सरगना चंद्रशेखर सिंह उर्फ डोलेबा हैं।पिछले साल दर्ज प्राथमिकी में इनका नाम भी था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।