पटना: ऑटो में बैठाने से पहले फोटो खींच रही थी पुलिस, हथकड़ी पहनकर ही नौ-दो-ग्यारह हो गया मोबाइल चोर
फुलवारी शरीफ थाना में मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार शाहरुख नामक युवक हथकड़ी पहनकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

हथकड़ी पहनकर ही नौ-दो-ग्यारह हो गया मोबाइल चोर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मोबाइल चोर शाहरुख हथकड़ी पहनकर पुलिस हिरासत से भागा।
जेल भेजने से पहले फोटो लेते समय हुआ फरार।
फुलवारी शरीफ थाने में पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ। फुलवारी शरीफ थाना में गुरुवार दोपहर एक ऐसी घटना हुई, जिसने पुलिस की मुस्तैदी की पोल खोल दी। मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवक हथकड़ी पहनकर ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी।
पुलिस ऑटो पर बैठाने से पहले उसकी तस्वीर खींच रही थी, तभी वह हाथ में हथकड़ी लेकर नौ-दो-ग्यारह हो गया। उसके भागते ही थाने में अफरातफरी मच गई। आधा दर्जन पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े, लेकिन वह आंखों के सामने से ओझल हो गया।
मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस ने पकड़ा
बताया जाता है कि मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस शाहरुख नामक युवक को पकड़कर थाने लाई थी। पूछताछ में उस पर चोरी के कई आरोप सामने आए। मोबाइल चोरी की बात भी उसने स्वीकार की थी। गुरुवार दोपहर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने हथकड़ी लगाई और जेल ले जाने से पहले फोटो खींचने लगी। इसी दौरान ऑटो पर बैठने के वक्त शाहरुख ने पुलिस को गच्चा दिया और हथकड़ी समेत तेजी से भाग निकला।
थाने के आसपास भाग-दौड़ का नजारा बना रहा
अचानक हुई इस घटना से थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। शाहरुख आगे-आगे भाग रहा था और पुलिसकर्मी पीछे-पीछे। कुछ देर तक थाने के आसपास भाग-दौड़ का नजारा बना रहा, लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी। घटना के बाद पुलिस उसकी भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
थाने से हथकड़ी पहनकर आरोपित के फरार होने का दृश्य देख आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। पुलिसकर्मियों की दौड़भाग देखकर कुछ लोग मुस्कुराते और हंसते नजर आए। मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ा गया युवक जेल जाने से पहले ही पुलिस को ऐसा चकमा दे गया कि अब उसे पकड़ने के लिए पुलिस को फिर मशक्कत करनी पड़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।